विधायक छोटी कुमारी की पहल पर मंत्रालय ने शुरू की पड़ताल
दैनिक खोज खबर/छपरा।छपरा विधानसभा क्षेत्र की विधायक छोटी कुमारी की पहल पर सारण की लंबित रेल परियोजनाओं और जनहित से जुड़ी मांगों पर रेल मंत्रालय ने सकारात्मक रुख दिखाया है। हाल ही में विधायक ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर क्षेत्र की रेल समस्याओं और विकास कार्यों का विस्तृत ज्ञापन सौंपा था। रेल मंत्रालय के आधिकारिक पत्र में जानकारी दी गई है कि विधायक द्वारा प्रस्तुत सभी प्रस्तावों और मांगों की जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जांच पूरी होने के बाद मंत्रालय इन पर आवश्यक और उचित कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।
प्रमुख मांगें और यात्रियों की आवश्यकता
विधायक छोटी कुमारी ने बताया कि छपरा–पटना/पाटलिपुत्र के बीच ऑफिस आवर (कार्यालय समय) में नियमित ट्रेन सेवा शुरू करना क्षेत्र की सबसे बड़ी जरूरत है। इसे लेकर उन्होंने बिहार विधानसभा में भी संकल्प रखा था, जिसके बाद यह मांग केंद्र को भेजी गई थी। सारण, सिवान और गोपालगंज के हजारों दैनिक यात्रियों, छात्रों और व्यापारियों को इससे सीधे लाभ होगा।
ज्ञापन में शामिल अन्य प्रमुख बिंदु:
छपरा-लखनऊ रेल सेवा: बंद पड़ी इस सेवा को पुनः शुरू करना।
अमृत भारत स्टेशन योजना: छपरा जंक्शन को इसमें शामिल कर आधुनिक सुविधाओं से लैस करना।
स्टेशनों का विकास:छपरा ग्रामीण एवं छपरा कचहरी रेलवे स्टेशन का आधुनिकीकरण।
नई कनेक्टिविटी: बाबा हरिहरनाथ धाम के लिए सीधी रेल सेवा की शुरुआत।
सुरक्षा व सुविधा: श्यामचक में आरओबी एक्सटेंशन, विभिन्न रेलवे फाटकों पर अंडरपास/फ्लाईओवर का निर्माण और ब्रम्हापुर ढाला संख्या-53 पर सिग्नल व्यवस्था में सुधार। विधायक छोटी कुमारी ने रेल मंत्री के आश्वासन का स्वागत करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि मंत्रालय जनभावनाओं को समझते हुए शीघ्र निर्णय लेगा। उन्होंने दोहराया कि सारण के विकास और जनहित के मुद्दों को वे लगातार सदन से लेकर केंद्र सरकार तक प्राथमिकता के साथ उठाती रहेंगी।




Recent Comments