मांझी। कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के उद्देश्य से सरकार द्वारा जारी 21 दिन की लॉक डाउन की अवधि में सैकड़ों गरीबों को घर घर पहुंचाया जा रहा है अटल भोजनालय में बना खाना। जिले के कोपा गांव में संचालित अटल भोजनालय के संचालक व भाजपा नेता हेमनारायण सिंह ने बताया कि वे पार्टी कार्यकर्ताओं व क्षेत्र के समाजसेवियों के सहयोग से पिछले नौ दिनों से यह अभियान चला रहे हैं। मांझी विधान सभा के पूर्व प्रत्यासी श्री सिंह ने बताया कि भूखे गरीबों के लिए बिना मजदूरी के श्रमदान कर खाना तैयार करने वाले हलवाइयों तथा गरीबों की झोंपड़ी तक खाना पहुंचाने वाले लगभग चार दर्जन सच्चे समाजसेवियों की बदौलत ही इस महा अभियान का सफल संचालन सम्भव हो पा रहा है। उन्होंने बताया कि आसपास के लगभग दस पंचायतों में प्रतिदिन सुबह शाम चावल दाल सब्जी अथवा पूड़ी सब्जी के पैकेट लगभग एक हजार गरीबों के घर घर पहुंचाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गरीबों के घर तक खाना पहुंचाने में दिल को काफी सुकून मिल रहा है। उनके कई शुभचिंतक उनके इस अभियान में उनका सहयोग भी कर रहे हैं।