
सिवान, 2 जुलाई। विद्या भारती उत्तर बिहार प्रांत के पूर्व छात्र परिषद् के वार्षिक पंजीकरण एवं संपर्क अभियान का शुभारंभ बुधवार देर शाम महावीरी सरस्वती विद्या मंदिर, विजयहाता में आयोजित समारोह के साथ हुआ। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए परिषद् के प्रांतीय मार्गदर्शक अनिल कुमार राम ने कहा कि विद्या भारती के विद्यालयों से शिक्षा प्राप्त कर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत पूर्व छात्र-छात्राएँ ही संस्था के उद्देश्य, नीतियों, संस्कारों एवं कार्यपद्धति के वास्तविक ब्रांड एम्बेसडर हैं। वे अपने आचरण, सेवा-भाव, राष्ट्रनिष्ठा और सामाजिक उत्तरदायित्व के माध्यम से विद्या भारती की पहचान को सशक्त बना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पूर्व छात्र परिषद् का उद्देश्य केवल पूर्व विद्यार्थियों को एक मंच पर जोड़ना नहीं, बल्कि उन्हें शिक्षा, सेवा, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, आपदा राहत, युवा जागरण तथा राष्ट्र निर्माण के विविध कार्यों से सक्रिय रूप से जोड़ना है। उन्होंने सभी पूर्व छात्र-छात्राओं से अपने विद्यालयों से सतत संपर्क बनाए रखने तथा परिषद् के वार्षिक पंजीकरण एवं संपर्क अभियान से जुड़कर अधिकाधिक पूर्व छात्रों को परिषद् से जोड़ने का आह्वान किया।
समारोह में पूर्व छात्र परिषद्, सिवान के संरक्षक डॉ. सुधांशु शेखर त्रिपाठी, जिला संयोजक समर प्रताप सिंह, विभाग संयोजक डॉ. प्रियंका पाण्डेय, विद्या भारती बिहार के मीडिया समन्वयक नवीन सिंह परमार तथा महावीरी सरस्वती विद्या मंदिर, विजयहाता के प्राचार्य डॉ. कुमार विजय रंजन उपस्थित रहे।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर सिवान नगर के दर्जनों पूर्व छात्र-छात्राओं ने विद्या भारती पूर्व छात्र पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराया तथा समाज और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में परिषद् के माध्यम से सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का भी आह्वान किया गया।




Recent Comments