मांझी(सारण): दाऊदपुर थाना क्षेत्र के साधपुर गांव के समीप ट्रैक्टर का ब्रेक फेल होने के कारण वह अनियंत्रित होकर पुल से पलट कर नहर में जा गिरा। इस दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक की दुर्घटना स्थल पर ही मौत हो गयी। मृतक मांझी थाना क्षेत्र के घोरहट गांव निवासी बनारस यादव का 35 वर्षीय पुत्र अशोक यादव बताया जाता है।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची दाउदपुर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया। उधर परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। मृतक को पत्नी के अलावा एक पुत्र तथा दो पुत्रियां हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि ट्रैक्टर चालक ट्राली में पुआल भरकर घोरहट गांव से टेघरा गांव को ले गया था। टेघरा गांव में पुआल उतारने के बाद वह खाली ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर वह अपने घर लौट रहा था। इसी बीच दुर्घटना का शिकार हो गया।