
छपरा। स्थानीय दर्शन नगर स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और अंग्रेजी भाषा के प्रति उनकी रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से एक प्रेरणादायी सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र में जयप्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा के अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. अमरनाथ प्रसाद ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की।
डॉ. प्रसाद ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अंग्रेजी वर्तमान समय में केवल एक भाषा नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर ज्ञान, रोजगार और व्यक्तित्व निखारने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने आत्मविश्वास के साथ भाषा सीखने के व्यावहारिक टिप्स साझा किए और स्पष्ट किया कि निरंतर अभ्यास व पठन-पाठन से अंग्रेजी पर उत्कृष्ट पकड़ बनाना आसान है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतिदिन अंग्रेजी समाचार पत्र पढ़ने, शब्दकोश का नियमित उपयोग करने तथा आपस में अंग्रेजी में संवाद करने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य विनोद कुमार ने सत्र की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में अत्यंत सहायक सिद्ध होते हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया। अंत में विद्यालय परिवार ने डॉ. प्रसाद के प्रति आभार व्यक्त किया। इस सत्र में मीडिया प्रभारी अनिल कुमार आजाद सहित विद्यालय के शिक्षक व बड़ी संख्या में भैया-बहन उपस्थित थे।




Recent Comments