समस्तीपुर:एमडीएम में गड़बड़ी को लेकर आक्रोशित स्कूली बच्चों ने सड़क पर लगाई क्लास
##न्यूज़ इनपुट -केशव बाबू
खानपुर
खानपुर प्रखंड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय हरिहरपुर खेड़ी में विद्यालय के प्रधानाध्यापक द्वारा एमडीएम का भोजन बच्चों को बिना खिलाए ही राशन का उठाव दिखा दिया गया। इससे आक्रोशित छात्रों ने शुक्रवार को हरिहरपुर खेड़ी सड़क पर क्लास लगाकर जमकर हंगामा किया। लोगों ने बताया कि 16, 17 और 18 जुलाई को रसोइया हड़ताल पर थी। 17 जुलाई को खाना बच्चों को खिलाया ही नहीं गया और 17 जुलाई को विद्यालय प्रधान ने बच्चों की उपस्थिति दिखाकर मध्याह्न भोजन का उठाव दिखा दिया। जब लोगों को इस बात की जानकारी मिली तो अभिभावक व बच्चे आक्रोशित होकर विद्यालय के सामने सड़क पर बोरा बिछाकर बैठ गए। सड़क जाम की सूचना पर पहुंचे निगरानी समिति के सदस्य महेश प्रसाद यादव, समाजसेवी यशवंत कुमार चौधरी ने छात्रों को समझा बुझाकर सड़क जाम समाप्त कराया गया। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अनिल कुमार ठाकुर ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। लोगों से जिला एमडीएम अधिकारी को आवेदन देने को कहा गया है। एचएम से जिला एमडीएम अधिकारी द्वारा स्पष्टीकरण भी पूछा गया है।