फाइल फोटो



दैनिक खोज खबर/मढ़ौरा (सारण)। स्थानीय थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव निवासी मो. सनउर का सड़क दुर्घटना में जख्मी 24 वर्षीय पुत्र साहेब आलम उर्फ रेहान की इलाज के क्रम में गुरूवार की देर शाम पटना एम्स में मौत हो गई। मृतक रेहान का शव शुक्रवार की सुबह पैतृक गांव मिर्जापुर पहुंचा। शव को देख परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था। अन्तिम संस्कार दोपहर में किया गया। मिली जानकारी के अनुसार युवक 24 मार्च को देर शाम नगरा से स्मार्ट प्वाइंट में वर्क कर बाइक से अपने घर लौट रहा था कि बन्नी रेलवे ढाला के समीप पटेढ़ा–नगरा पथ पर किसी अज्ञात भारी वाहन की ठोकर से बुरी तरह से जख्मी हो गया। सूचना पर परिजनों ने पहुंच गंभीर हालत में इलाज के लिए पटना ले गए। पटना ने गत 10 दिनों से एम्स अस्पताल में भर्ती था। इधर हालत बिगड़ने पर अस्पताल प्रबंधन ने लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा था। जहां पर गुरूवार की देर शाम युवक जिंदगी की जंग हार गया और उसकी सांसे सदा के लिए रुक गई। युवक की मौत पर पूर्व मुखिया प्रतिनिधि हर्षवर्धन दीक्षित, पूर्व बीडीसी मिथिलेश कुमार, सोशल वर्कर अफताब इदरीशी समेत अन्य लोगों ने अपनी संवेदना प्रकट किया है।