मढ़ौरा। स्थानीय प्रखंड के मिर्जापुर में 1965 के भारत-पाक युद्ध के अमर नायक और परमवीर चक्र विजेता शहीद वीर अब्दुल हमीद का शहादत दिवस गुरुवार को पूरी श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। अंजुमन इदरीसिया के बैनर तले आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें शत-शत नमन करने के साथ हुई।

कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने 1965 के युद्ध में उनके अदम्य साहस और देश की रक्षा के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान को विस्तार से याद किया। उन्होंने कहा कि शहीद वीर अब्दुल हमीद का जीवन देश की युवा पीढ़ी के लिए देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा का सबसे बड़ा प्रेरणास्रोत है।

विज्ञापन

प्रतिभा सम्मान और उपस्थिति
इस अवसर पर आयोजन समिति की ओर से खेल, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लोगों को शॉल ओढ़ाकर और मेमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से जिला परिषद सदस्य मीना अरुण, मुखिया परमात्मा राय, पूर्व मुखिया प्रतिनिधि हर्षवर्धन दीक्षित, मुखिया प्रतिनिधि कमलेश प्रसाद, सेवानिवृत्त शिक्षक मुंशी हुसैन, कांग्रेस नेता लाल बाबू गिरि, कामरेड प्रो. भूपेश प्रसाद और युवराज भास्कर शामिल थे। पूरे आयोजन को सफल बनाने में जलालुद्दीन, आफताब अली, जैनुद्दीन और मोहम्मद फजलुर रहमान की सक्रिय भूमिका रही।

कार्यक्रम के अंत में सभी ने देश की एकता, आपसी भाईचारे और राष्ट्रप्रेम को सुदृढ़ करने का संकल्प लिया। इस दौरान “शहीद वीर अब्दुल हमीद अमर रहें” और “भारत माता की जय” के नारों के साथ उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।