पानापुर(सारण)थाना क्षेत्र के भोरहा गांव में शनिवार की देर शाम शौच के लिए गयी महिला की बाढ़ के पानी मे डूब जाने से मौत हो गयी । मृत महिला विक्रमा राय की 52 वर्षीया पत्नी मोती देवी बतायी जाती हैं । बताया जाता है कि शनिवार की देर शाम वह शौच के लिए गयी थी ।   इसी दौरान सड़क किनारे जमे बाढ़ के पानी मे डूब गयी ।  काफी देर बाद जब परिजनों ने खोजबीन की तो पानी मे उसका शव तैरता देख परिजनों में कोहराम मच गया । सूचना पाकर जिला पार्षद प्रतिनिधि अभिषेक रंजन सिंह मौके पर पहुँचे एवं शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया ।  उन्होंने स्थानीय थाने को सूचित कर मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा भिजवाया ।