
मोतिहारी जिले में बेतिया राज की जमीन पर कब्जा जमाए बैठे लोगों के लिए बुरी खबर
मोतिहारी: बेतियाराज की जमीन की खोज में लगा जिला प्रशासन, गठित की गई समितियां
दैनिक खोज खबर मोतिहारी: जिले में बेतिया राज की जमीन पर कब्जा जमाए बैठे लोगों के लिए बुरी सूचना है। सरकार के आदेश पर जिला प्रशासन ने सरकारी खतियान के अनुसार बेतिया राज की जमीन की खोज शुरू कर दी है।
जिले के सभी अनुमंडलाधिकारियों के नेतृत्व में अंचलाधिकारी अपने क्षेत्र के बेतियाराज की जमीन का पूरा ब्यौरा रखेंगे। इसके बाद जिला प्रशासन इस बात की जांच शुरू कराएगा कि संबंधित भूखंड पर किसका कब्जा है।
जिला राजस्व विभाग की बैठक में सोमवार को संपन्न हुई बैठक में जिलाधिकारी अनुपम कुमार ने अधिकारियों को सरकार के निर्देश से अवगत कराते हुए कहा कि बेतिया राज से जुड़े भूखंड की अभिलेख सहित पूरी जानकारी उपलब्ध कराना है। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता होने पर सरकार का कोपभाजन बनना पड़ सकता है।
सरकार बेतिया राज की सभी अतिक्रमित जमीन को मुक्त कराने की योजना बना रही है। गलत कागजात पर बेतियाराज की जमीन पर काबिज लोगों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने बताया कि एसडीओ एवं अंचलाधिकारियों को थाना, आंगनबाड़ी केंद्र, स्कूल व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए भूखंड को चिह्नित कर रिपोर्ट भेजने कहा गया है। सरकार चाहती है कि इन केंद्रों का निर्माण जल्दी हो। जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन अधिकांश जगहों पर निजी मकान में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अरेराज प्रखंड भवन को पिछले साल ही परित्यक्त घोषित करते हुए तत्काल कृषि विभाग के भवन में संचालित करने को कहा गया था।
इसके बावजूद जर्जर भवन में कार्यालय क्यों चलाया जा रहा है इसका जबाब बीडीओ को देना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि जहां भी प्रखंड व अंचल कार्यालय का भवन नहीं है उसके निर्माण के लिए आवश्यक प्रपत्र एवं प्राक्कलन सहित पत्र नहीं आने के कारण सरकार को इस संबंध में रिपोर्ट करने में परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि जहां प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के लिए भवन नहीं है वहां के अधिकारियों को अविलंब प्राक्कलन सहित रिपोर्ट भेजने को कहा जा रहा है। वे खुद भी इसके लिए प्रस्ताव बनाकर भेज सकते हैं।
न्यूज़ स्रोत:-खबर आपतक डेस्क,




Recent Comments