मांझी(सारण)। प्रखंड की इक्कीस पैक्सों के सम्पन्न चुनाव में सर्वाधिक 665 मतों के अंतर से जीत का रिकार्ड बनाया सोनबरसा पैक्स के युवा प्रत्याशी भानु प्रकाश उर्फ राजू यादव ने। राजू यादव पूर्व मुखिया व राजद के पूर्व जिलाध्यक्ष दलन प्रसाद यादव के पुत्र हैं। वहीं पड़ोस के मरहा पैक्स से राजू के चाचा लक्ष्मण प्रसाद यादव ने भी 405 मतों से अपनी जीत दर्ज की। वहीं ताजपुर पैक्स से वर्तमान मुखिया सुरेंद्र कुमार सिंह युवा नेता मनीष कुमार सिंह से हुए कांटे की टक्कर में महज 16 मतों से जीत दर्ज करा सके। महम्मद पुर पैक्स से पतिराम उपाध्याय ने अपने प्रतिद्वंदी वर्तमान जदयू अध्यक्ष व पूर्व मुखिया हसनैन अंसारी को हराया। प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश सचिव दिनेश कुमार सिंह अपनी भौजाई मधु सिंह को जिताने में सफल रहे। मांझी पूर्वी पैक्स से विजय सिंह ने रिकार्ड 565 मतों से जीत दर्ज की। बलेसरा पैक्स से मुखिया पति केशव सिंह 455 मतों के अंतर से जितने में कामयाब रहे। कौरुधौरु पैक्स से बीरेन्द्र सिंह ने रिकार्ड 559 मतों से चुनाव जीता।

भलुआ बुजुर्ग से मुखिया सुनील कुमार मिश्रा के पुत्र दीपक मिश्रा चुनाव जीतने में सफल रहे। डुमरी पैक्स से विजयी पूर्व मुखिया व प्रखंड राजद अध्यक्ष महेश यादव के पुत्र मिन्टू यादव के समर्थकों ने डीजे की धुन पर ठुमके लगाए। घोरहट पैक्स से जीते गुड्डू सिंह के समर्थकों ने उन्हें कंधे पर बिठाकर बाजार तक जुलूस निकाला तथा रामघाट पहुंच कर सन्त रामप्रिय दास का आशीर्वाद लिया। सीतलपुर पैक्स से पूर्व मुखिया राजदेव यादव के पुत्र व युवा राजद नेता संतोष कुमार सन्नी यादव चुनाव जीतने में सफल रहे। भजौना नचाप से पहली बार सुजीत कुमार सिंह तथा मदन साठ पैक्स से संतोष कुमार सिंह ने अपनी जीत दर्ज की।
जीत का जश्न मना रहे प्रत्यासी को जब हार की खबर मिली तो कर्मियों पर उतारा गुस्सा। मामला मुबारकपुर पैक्स का है। मतगणना के अंतिम चरण में जीते मोहन सिंह अपना प्रमाण पत्र मिलने की प्रतीक्षा में थे तभी अचानक उन्हें किसी ने सूचना दी कि आप तो हार गए हैं इसपर वे भड़क गए और सीओ दिलीप कुमार तथा बीडीओ नील कमल से उलझ गए। हालांकि बाद में सभी कागजात इकट्ठा कर मिलान किया गया मोहन सिंह की जीत का संशय दूर हुआ। हालांकि जीत का अंतर 65 के बजाय 54 हो गया। इस दौरान कुछ देर के लिए मुबारकपुर गांव में अफरा तफरी का माहौल उतपन्न हो गया। सभी विजेताओं को बीडीओ नील कमल ने प्रमाण पत्र प्रदान किया। देर रात तक दलन सिंह उच्च विद्यालय के गेट पर समर्थकों की भारी भीड़ लगी रही।