मांझी। प्रखंड के तीन पंचायतों में सम्पन्न पैक्स चुनाव के लिए सोमवार को हुए मतदान के बाद उसी दिन शाम 6 बजे के बाद स्थानीय दलन सिंह उच्च विद्यालय में शुरू मतगणना का कार्य देर रात तक चला। मतगणना में सबसे पहले जैतपुर का रिजल्ट घोषित हुआ और अंत में मटियार के पैक्स चुनाव का रिजल्ट आया। जैतपुर पंचायत से अशोक कुमार सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी विजय कुमार भारती को 23 वोट से हरा कर पुनः पैक्स अध्यक्ष निर्वाचित हुए। वहीं बरेजा से सुभाष सिंह ने अपने प्रतिद्वंदी विवेक कुमार सिंह को 203 वोटों से पराजित कर पुनः चुनाव जीतने में सफल रहे। जबकि मटियार पंचायत से धनंजय ठाकुर ने दो बार से लगातार जीत रहे भोला यादव को 42 वोटों से पराजित कर दिया। प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ नील कमल ने तीनों नव निर्वाचित पैक्स अध्यक्षों सहित निर्वाचित कार्यकारिणी सदस्यों को प्रमाण-पत्र प्रदान किया। रिजल्ट घोषित होने के बाद विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने माला पहना कर उनका स्वागत किया। मतगणना के दौरान रात में लाईट की व्यवस्था की गई थी। तथा सुरक्षा व शांति-व्यवस्था के लिए पुलिस कर्मी मुस्तैद थे।