मढ़ौरा (सारण)।प्रखंड सभागार में शनिवार को विकास मित्रों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी रंजय कुमार सिंह और प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिषेक कुमार प्रभाकर की संयुक्त अध्यक्षता में हुई इस बैठक में ‘संत गुरु रविदास विकास शिविर’ की तैयारियों और राशन कार्ड अभियान के सफल क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।बैठक में बीडीओ अभिषेक कुमार प्रभाकर ने सभी पंचायतों के विकास मित्रों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि राशन कार्ड बनवाने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। पोर्टल बंद होने की आशंका को देखते हुए पंचायतों में बचे हुए सभी ऑफलाइन आवेदनों को अविलंब प्रखंड कार्यालय में जमा कराने का आदेश दिया गया।अधिकारियों ने आगामी शिविरों के आयोजन और पूर्व तैयारियों को लेकर बिंदुवार चर्चा की। इस दौरान समाज के अंतिम व्यक्ति तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाने की रूपरेखा तय की गई। विकास मित्रों को अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया, ताकि कोई भी पात्र लाभुक योजना के लाभ से वंचित न रह जाए।बैठक के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विकास योजनाओं और कल्याणकारी अभियानों के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विकास मित्रों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपने दायित्वों को तत्परता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया गया है। इस मौके विकास मित्र निशा कुमारी, शारदा देवी, अजय रावत समेत दर्जनों कर्मी थे।