भेल्दी सड़क दुर्घटना के बाद पुलिसिया कारवाई से क्षेत्र मे फैला असंतोष,सांसद से हस्तक्षेप की लगाई गुहार

अमनौर (सारण):भेल्दी सड़क दुर्घटना में भेल्दी थानाध्यक्ष अमित कुमार की मौत के मामले में हुई पुलिसिया कार्रवाई के बाद वहां के स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है. मालूम हो कि उक्त घटना के बाद बाद भेल्दी पुलिस ने दुर्घटना के बाद साजिश के तहत सड़क बाधित कर पुलिस के साथ मारपीट कर घायल थानाध्यक्ष को उपचार के लिए ले जाने में देरी की वजह से मौत के मामले में 36 नामजद व 100 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. जिससे नाराज ग्रामीणों ने स्थानीय सांसद के अमनौर आवास पर पहुंच सांसद राजीव प्रताप रुडी से न्याय की गुहार लगाई. लोगों ने बताया कि उक्त प्राथमिकी में राजनीतिक व किसी के प्रभाव से ग्रसित हो कर भेल्दी पुलिस ने निर्दोष लोगों को जानबूझकर फंसा रही है. ग्रामीणों ने सांसद के समक्ष बताया कि उक्त सड़क हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस का सहयोग कर घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद किया. इसके बावजूद भी पुलिस द्वारा गरीब व निर्दोष लोगों को फंसाने का काम कर रही है. इधर सांसद राजीव प्रताप रुडी ने मढौरा डीएसपी धीरेन्द्र कुमार साह से फोन पर बात कर अपने स्तर से जांच कर निर्दोष व्यक्तियों का नाम हटाने की बात कही. श्री रुडी ने अपनी फरियाद लेकर पहुंचे लोगों से कहा कि किसी भी कीमत पर इस मामले में निर्दोष लोगों को फंसने नहीं दिया जाएगा. उक्त मौके पर पूर्व विधायक मंटू सिंह, अमरेन्द्र नारायण ललन, अनिल सिंह, निरंजन शर्मा व भेल्दी के गणेश साह, पप्पू सिंह, बनारसी साह, पप्पू महतो, रमेश महतो विनोद सिंह आदि दो दर्जन से अधिक लोग शामिल थे.