भीलवाड़ा में अपार उत्साह से मनाया गया अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस
योग को जीवन में अपनायें – जिला कलक्टर
भीलवाड़ा, 21 जून। अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस पर बुधवार प्रातः स्थानीय राजेन्द्र मार्ग विद्यालय प्रांगण में आयोजित जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के अधिकारी/कर्मचारी, स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि, छात्रा-छात्राएं व हजारों आमजन सम्मिलित हुए।
जिला स्तरीय कार्यक्रम के अलावा जिले के विभिन्न उपखण्ड एवं ब्लाक स्तर पर भी अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रमों का आयोजन किया गया जहां सभी वर्ग के लोगों ने अच्छी खासी तादाद में शिरकत कर कार्यक्रम को सफल बनाया। सभी स्थानों पर लक्ष्य से अधिक लोग कार्यक्रम में उपस्थित रहे। जिले में ग्राम पंचायत स्तर पर भी योग दिवस संबंधी कार्यक्रम आयोजित किये गये ।
केन्द्र एवं राज्य सरकार के निर्देशानुसार बुधवार प्रातः आयोजित एक घण्टे के योगाभ्यास कार्यक्रम में शहर के बालकों से लगाकर वृद्धजन, किशोर-किशोरियों, नवयुवक तथा महिलाओं ने भी बढ-चढकर हिस्सेदारी की। केन्द्र एवं राज्य सरकार के विभिन्न कार्यालयों, उपक्रमों, संगठनों ने तो कार्यक्रम में भागीदारी की ही शहर के विभिन्न गैर सरकारी एवं स्वयंसेवी संगठनों, औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि भी योग कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
पतंजलि योग समिति, विवेकानन्द योग सेवा समिति एवं जिला प्रशासन ने अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम हेतु आमजन को प्रशिक्षित करने के लिये विभिन्न स्थानों पर केन्द्र सरकार द्वारा जारी योगासनों का निरन्तर अभ्यास कराने से शहर एवं पूरे जिले में योग के प्रति अपार उत्साह था। आयुर्वेद विभाग द्वारा जिले में ब्लाक तथा ग्राम पंचायत स्तर पर भी योग प्रशिक्षकों की व्यवस्था की गई थी।
एक घण्टे चला योगाभ्यास : अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के निर्धारित कार्यक्रमानुसार प्रातः 7.00 बजे से योगाभ्यास कार्यक्रम प्रारंभ हुआ जिसमें मंत्रोच्चारण के पश्चात् खडे होकर, बैठकर तथा लेटकर कराये जाने वाले आसनों के पश्चात् शिथिलीकरण व पुनः राष्ट्रगान के बाद कार्यक्रम संपन्न हुआ। योगाभ्यास के पश्चात् उपस्थित लोगों को योग को जीवन में अपनाने के लिये संकल्प भी दोहराया गया। कार्यक्रम के दौरान पातंजलि योग समिति, विवेकानन्द योग सेवा समिति एवं आयुर्वेद विभाग के प्रशिक्षित योग शिक्षिकों द्वारा लोगों का मार्गदर्शन किया गया।
जीवन में योग को अपनायेंः जिला कलक्टर श्री मुक्तानन्द अग्रवाल ने अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम में योगाभ्यास के बाद संबोधित करते हुए कहा कि आमजन योग को अपने जीवन में निरन्तर अपनायें। योग मनुष्यों के शारीरिक विकास एवं निरोग रखने में तो सहायक है ही मानसिक सन्तुलन के लिये भी आवश्यक है। उन्होंने बडी संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिये पातंजलि योग समिति, जिले के विभिन्न स्वयंसेवी एवं गैर सरकारी संगठनों, औद्योगिक संगठनों, सरकारी अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यालयी छात्रा-छात्राओं, सेवानिवृत व्यक्तियों एवं आमजन का आभार प्रकट करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने पुलिस प्रशासन, नगर परिषद एवं नगर विकास न्यास के अधिकारियों, पार्षदों एवं जन प्रतिनिधियों सहित मीडियाकर्मियों का भी सहयोग के लिये आभार व्यक्त प्रकट किया। योग दिवस के अवसर पर विद्यालय प्रांगण में एक प्रदर्शनी का भी आयोसजन किया गया जिसमें हजारों लोगों ने प्रदर्शनी देखकर लाभ उठाया।
उपस्थिति :कार्यक्रम में सांसद सुभाष बहेडिया, विधायक श्री विअ्ठलशंकर अवस्थी, जिला प्रमुख श्री शक्तिसिंह हाडा, नगर परिषद सभापति ललिता समदानी, नगरविकास न्यास अध्यक्ष श्री गोपाल खण्डेलवाल, जिला पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप मोहन शर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर एल.आर. गुगरवाल एवं आनन्दी लाल वैष्णव, नगर विकास न्यास सचिव आशीष शर्मा, नगर परिंषद आयुक्त रविन्द्र सिंह, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री गजेन्द्र सिंह राठौड, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जे.सी. जीनगर, जिला आयुर्वेद अधिकारी दामोदर शर्मा, आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी सत्यनारायण शर्मा, योग प्रशिक्षक दुर्गालाल, सहित नगर परिषद के पार्षदगण, स्वयंसेवी एवं गैर सरकारी संगठनों के पदाधिकारी, दामोदर अग्रवाल, केन्द्र एवं राज्य सरकार के विभिन्न कार्यालय एवं उपक्रमों के अधिकारी/कर्मचारी, विद्यालयी छात्रा-छात्राएं एवं गणमान्यजन उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन पंडित अशोक व्यास ने किया। मंच से योगाभ्यास का संचालन योग प्रशिक्षक दुर्गालाल ने किया।
शिवाजी गार्डन में योग दिवस :आयुर्वेद विभाग एनपीसीडीसीएस, एमजीएच भीलवाडा के आयुर्वेद अधिकारी डॉ. दीपिका उपाध्याय एवं लोकेश कुमार शर्मा के तत्वावधान में अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शिवाजी गार्डन में प्रातः 6-30 से 8-00 बजे योगाचार्या अनुसया नखरे द्वारा योग करवाया गया जिसमें शहरवासियों ने उत्साह पूर्वक भाग लिया और सामूहिक योग साधना का लाभ प्राप्त किया। योग महोत्सव में नन्दकिशोर द्वारा लड्डू वितरण एवं पुरुषोत्तम जैन द्वारा जूस का वितरण किया गया।
एन.सी.सी. कैडेट्स नेकिया योग : 5 राजस्थान इण्डेप कम्पनी एन.सी.सी. भीलवाडा के अधिनस्थ मा.ला.व. राजकीय महाविद्यालय, रा.उ.मा.वि. राजेन्द्र मार्ग एवं माउन्ट लिटरा जी स्कूल के 366 एनसीसी कैडेट्स ने अन्तर्राट्रीय योग दिवस पर प्रातः 7-00 से 8-00 बजे तक राजेन्द्र मार्ग विद्यालय परिसर में योगाभ्यास किया।
योग दिवस में 5 राजस्थान इण्डेप कंपनी एनसीसी भीलवाडा के कमान अधिकारी कर्नल ए.के. शर्मा, मालाव राजकीय महाविद्यालय भीलवाडा के एनसीसी अधिकारी ले. राजेन्द्र सिंह यादव, सुबेदार मोहन लाल एवं समस्त सैन्य/राज्य कर्मचारियों ने भाग लिया। कर्नल ए.के. शर्मा ने बताया कि जिन एनसीसी कैडेट्स ने योग दिवस में भाग लिया है। उन कैडेट्स को एनसीसी की होने वाली प्रमाण पत्रा परीक्षाओं में लाभांश अंक दिये जायेंगे।




Recent Comments