भगवानपुर के युवक की चाकू मार दिल्ली में हत्या, परिजनों में मचा कोहराम

#परवेज अख्तर/सिवान;
भगवानपुर हाट (सिवान) : थाना क्षेत्र के बलहा एराजी पंचायत के रामपुर
लैवा गांव के रामनाथ पांडेय के इकलौता पुत्र संजीव कुमार पांडेय (25) की
हत्या शुक्रवार को दिल्ली में चाकू मार कर दी गई। मौत की सूचना रविवार
को परिजनों को मिली। इसकी सूचना गांव के ही दिल्ली में रहने वालों ने
मृतक के परिजनों को दी। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच
गई। आसपास के ग्रामीण परिजनों को ढाढ़स बंधाने में जुटे रहे। बताया जाता
है कि रामपुर लौंवा निवासी रामनाथ पांडेय का पुत्र संजीव कुमार पांडेय
दिल्ली में जमरुदपुर कैलाश कॉलोनी में किराए के मकान में रहता था।
परिजनों के अनुसार शुक्रवार की रात्रि पड़ोस में रहने वाले एक पड़ोसी पत्नी
से शराब के नशे में धुत होकर विवाद कर रहा था। विवाद को सुलझाने को लेकर
संजीव गया तो उसका उसके पड़ोसी से विवाद हो गया और उसने संजीव को चाकू
मारकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस शव को कब्जे में
लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज परिजनों को सूचना दी।
बुझ गया घर का चिराग, दो वर्ष पूर्व हुई थी संजीव की शादी : मृतक अपने
माता-पिता के तीन संतानों में इकलौता पुत्र था। वह अपने गरीब माता-पिता
के दुखों को दूर करने के लिए दिल्ली किसी निजी कंपनी के काम कर अपने घर
का खर्चा चला रहा था। मृतक की शादी 14 मई 17 को सारण जिले के जलालपुर
थाना क्षेत्र के मंगोलापुर गांव के सरिता कुमारी से हुई थी। मृतक को कोई
संतान नहीं है, जबकि मृतक के पिता रामनाथ पांडेय
गांव में ही बाबा चौक बाजार पर एक गुमटी में पान की दुकान चलाकर अपने
परिवार का परवरिश करते हैं। मृतक के बड़ी बहन की शादी हो चुकी है, जबकि
छोटी बहन अभी पढ़ाई कर रही है।