दुर्गा दत्त पाठक की रिपोर्ट:-
छापेमारी में महिला समेत 7 शराब कारोबारी धराए
मुफस्सिल पुलिस ने पिपरा चौक के समीप दलित बस्ती में छापेमारी कर अवैध शराब के कारोबार का भंडाफोड़ करते हुए महिला समेत सात कारोबारी को गिरफ्तारी किया है। थानाध्यक्ष श्रीराम सिंह ने बताया कि गिरफ्तार कारोबारियों में हरी मांझी, राजदेव मांझी, सुरेश मांझी, सुनील मांझी, विनोद मांझी, अश्वनी मांझी तथा गीता देवी शामिल है। इन लोगों के घर से 25 लीटर चुलायी शराब बरामद की गयी है। जबकि सैकड़ों लीटर अर्द्धनिर्मित शराब को नष्ट कर दिया गया है। सूत्रों के अनुसार थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली कि दलित बस्ती में व्यापक पैमाने पर शराब का कारोबार किया जा रहा है। तब दारोगा वैभव कुमार, सचिदानंद चौधरी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारियों को सैप जवान व महिला पुलिस बल के साथ छापेमारी के लिए भेजा गया। पुलिस टीम पिपरा चौक स्थित बस्ती में पहुंची तो कारोबारी घर छोड़कर भागने लगे। पुलिस के अधिकारी व जवानों ने भाग रहे लोगों में छह पुरुष व एक महिला को पकड़ लिया। पकड़े गए लोगों से पूछताछ के बाद उनके घरों की तलाशी ली गयी तो वहां से भारी मात्रा में शराब बनाने के उपकरण बरामद हुए। अर्द्धनिर्मित शराब को नष्ट कर दिया गया। जबकि 25 लीटर चुलायी शराब बरामद हुई।