सारण/इसुआपुर।
थाना क्षेत्र के अगौथर गांव में गुरुवार को बाढ़ के पानी में डूबे स्थानीय मुखिया रंगलाल राय के पौत्र मनीष राय तथा प्रभुनाथ राय का पुत्र बिजेश राय का शव शुक्रवार को मिला। गुरुवार को एनडीआरएफ की टीम पानी में लापता दोनों शवों की तलाश करती रही। लेकिन देर रात तक शव बरामद नहीं हो सका था। हालांकि ग्रामीणों ने शुक्रवार की सुबह बिजेश राय का शव पानी में तैरते देखा। जिसे पानी से बाहर निकाला गया। वहीं शुक्रवार को पुनः एनडीआरएफ की टीम घटनास्थल पहुंची तथा ग्रामीणों के सहयोग से मनीष राय का शव भी ढूंढ निकाला। दोनों के शव देखते ही गांव में कोहराम मच गया। परिजनों के रुदन-क्रंदन से लोगों का कलेजा फटा जा रहा था। स्थानीय विधायक मुद्रिका प्रसाद राय,जदयू के प्रदेश सचिव शैलेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व विधायक जनक सिंह, बीजेपी नेता धीरज सिंह, सरपंच हरे राम तिवारी व अन्य ने घटनास्थल पहुंचकर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिजनों का ढाढस बंधाया। मालूम हो कि गुरुवार की दोपहर अगौथर गांव के सात युवक नाव से बाढ़ के पानी का मुआयना करने निकले थे। इस दौरान नाव गहरे पानी में डूब गई। जिसमें से दो युवक तैर कर बाहर निकल गए। वहीं तीन अन्य युवकों को लोगों ने पानी से बाहर निकाला। जबकि मुखिया पुत्र समेत दो युवकों का अता-पता नहीं चल सका था।




Recent Comments