बड़े भाई ने छोटे भाई को चाकू मार किया जख्मी

दैनिक खोज खबर/मढ़ौरा (सारण)। गौरा थाना क्षेत्र के मसहां गांव में रविवार को आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जहां बड़े भाई ने अपने साले के साथ मिलकर छोटे भाई और मां पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में छोटा भाई, मां और भाई की पत्नी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए मढ़ौरा अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया। मिली जानकारी के अनुसार, मसहां गांव निवासी रामनाथ यादव के पुत्रों के बीच आपसी विवाद को सुलझाने के लिए रविवार को एक पंचायती बुलाई गई थी। हालांकि, किसी कारणवश पंचायती टल गई। इसी बात से आक्रोशित होकर बड़े भाई अखिलेश यादव ने अपने ससुराल से आए साले के साथ मिलकर छोटे भाई नितेंद्र यादव पर चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आई मां लालती देवी और पत्नी शोभा कुमारी भी इस हमले में चोटिल हो गईं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

__