दैनिक खोज खबर/मांझी(सारण)। दाउदपुर थाना क्षेत्र के बरेजा गांव निवासी एक युवक की महाराष्ट्र में ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। यह घटना शनिवार को चालीस गांव रेलवे जंक्शन के समीप हुई। मृतक के परिजन शव को घर लाने के लिए आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, बरेजा गांव निवासी कामाख्या तिवारी के पुत्र शिवम कुमार तिवारी मजदूरी के लिए पुणे जा रहे थे। महाराष्ट्र के चालीस गांव रेलवे जंक्शन के पास शनिवार को चलती ट्रेन से गिरने के कारण उनकी मृत्यु हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव को गांव लाने के लिए लगभग 65 हजार रुपये की आवश्यकता है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार इतनी बड़ी राशि जुटाने में असमर्थ है। परिजन और ग्रामीण शव के अंतिम संस्कार के लिए सहयोग राशि जुटाने का प्रयास कर रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि शिवम कुमार तिवारी के परिवार ने पहले भी एक बड़ी त्रासदी झेली है। लगभग पांच वर्ष पूर्व उनकी बहन की भी तालाब में डूबने से मृत्यु हो गई थी। इस घटना के बाद बरेजा गांव में शोक का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं और प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग कर रहे हैं।

__