दैनिक खोज खबर/मढ़ौरा (सारण)। स्थानीय थाना क्षेत्र के बरदहियां गांव कुंवर टोला में रविवार की सुबह एक युवक का शव बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बहारन राम के 22 वर्षीय पुत्र बिट्टू राम के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ सविंद्र कुमार दास और थानाध्यक्ष राजकिशोर प्रसाद दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया है। बताया जाता है कि बिट्टू शनिवार की रात खाना खाकर अपने कमरे में सोने गया था। रविवार सुबह घर से महज 200 मीटर दूर बांसवाड़ी में उसका शव मिला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक की गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम की मदद से मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। इस संबंध में मृतक की मां मंझरिया देवी के आवेदन पर स्थानीय थाने में हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की गहन जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी है।