
तरैया, सारण। पोखरेड़ा प्राथमिक कृषि साख समिति (पैक्स) के निर्वाचन के लिए अधिसूचना जारी हो गई। इसके लिए 17 अप्रैल को मतदान होने के बाद उसी दिन शाम को प्रखंड सभागार में मतगणना करके परिणामों की घोषणा कर दी जाएगी। इस संबंध में प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि बिहार राज्य निर्वाचन प्राधिकार द्वारा 15 मार्च 2021 को जारी अधिसूचना के आलोक में पोखरेड़ा पैक्स के लिए निर्वाचन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए अधिसूचना जारी कर दी गई है एवं इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। ज्ञातव्य हो कि गत वर्ष दिसंबर में पोखरेड़ा पैक्स के लिए चुनाव हुआ था। चुनाव के बाद घोषित हुए परिणामों में पैक्स अध्यक्ष के लिए मनोज राय विजयी हुए थे। वही प्रबंध समिति के सिर्फ 6 सदस्यों का ही चुनाव हो पाया था। उसमें से 4 सदस्यों के इस्तीफा देने के बाद संबंधित विभाग द्वारा पैक्स को विघटित करते हुए प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी को प्रशासक नियुक्त किया गया था। इन सारी प्रक्रिया के दौरान लगभग 1 वर्ष से ज्यादा की अवधि बीत जाने की वजह से सबसे बड़ा नुकसान इस पंचायत के किसानों को हुआ है। जिन्हें इस अवधि के दौरान पैक्स से मिलने वाली सेवाओं का कोई लाभ नहीं मिल पाया। चुनाव दोबारा होगा प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे और चुनाव जीतेंगे लेकिन उन किसानों को हुए नुकसान का भरपाया शायद नहीं हो पाएगा। चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही पंचायत में चुनाव की सरगर्मी तेज हो गई है। प्रत्याशी अपने-अपने हिसाब से मतदाताओं को लुभाने में दिन रात एक करके मेहनत करना शुरू कर दिए हैं। वही होली एवं समसामयिक त्योहारों के लिए शुभकामना आदान-प्रदान के बहाने से प्रत्याशियों द्वारा घर-घर घूम कर प्रचार जारी है।




Recent Comments