पुलिस बता घर मे शराब व हथियार की जांच के बहाने घुसे डकैत
#परवेज अख्तर/सिवान;
सिसवन (सिवान) : थाना क्षेत्र के ग्यासपुर पंचायत के लेवाड़ी गांव में रविवार की देर रात्रि करीब दो दर्जन की संख्या में पुलिस बनकर आए डकैतों ने धावा बोल कर जमकर लूटपाट की। इस दौरान डकैतों ने 40 हजार नकद एवं पांच लाख के गहने लूट की घटना को अंजाम दिया। शोर सुनकर जैसे ही गांव वाले एकत्रित होने लगे तो डकैतों ने फायरिंग कर दहशत फैलाई और उत्तर दिशा की तरफ भाग निकले। घटना के बाद पीड़ित परिजनों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की। घटना के संबंध में बताया जाता है कि सिसवन थाने के ग्यासपुर पंचायत के लेवाड़ी गांव निवासी रामनाथ साह के घर के सभी सदस्य भोजन करने के बाद सोने चले गए। इस बीच देर रात दो दर्जन की संख्या में डकैत मुंह बांध आ धमके और पुलिस का बहाना बनाकर घर में शराब व हथियार की जांच करने की बात कह दरवाजा खोलवाया। जैसे ही घर के सदस्यों ने दरवाजा खोला, डकैतों ने उन्हें बंधक बना लिया और डकैती की घटना को अंजाम देना शुरू कर दिया। जब इसका परिजनों ने विरोध किया तो उनकी पिटाई भी की। पीड़ितों ने बताया कि डकैतों की उम्र करीब 24 से 28 वर्ष थी। सभी हाफ पैंट एवं टी शर्ट पहने हुए थे। डकैतों ने गोदरेज की अलमारी तोड़ कर 5 लाख रुपए के गहने एवं 40 हजार नकद लूट लिया। शोर गुल होने पर आसपास के लोग जब जुटने लगे तो अपने को घिरता देख डकैत फायरिंग करते हुए उत्तर दिशा की ओर भाग निकले। सोमवार की सुबह ग्रामीण गांव के चंवर में डकैतों द्वारा लूटे गए बक्से को देखा गया। डकैतों द्वारा उक्त बक्से को तोड़कर उसमें से सारा सामान निकाल लिया गया था।
बताया जाता है कि गृह मालिक रामनाथ साह के पुत्र अशोक साह कांस्टेबल के पद पर भागलपुर में कार्यरत हैं। इस वक्त वहीं ड्यूटी पर हैं। घटना की सूचना मिलते ही सिसवन थानाध्यक्ष रामबालक यादव, रघुनाथपुर थानाध्यक्ष अभिमन्यु कुमार, आंदर इंस्पेक्टर स्थल पर पहुंच कर घटना की जानकारी पीड़ित परिवार से ली।




Recent Comments