दैनिक खोज खबर/मांझी(सारण)। दाउदपुर थाना पुलिस ने बुधवार की देर रात एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान नसीरा गांव निवासी अशोक सिंह के 18 वर्षीय पुत्र गुलशन सिंह के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष कुंदन कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी तथा एक वीडियो भी प्राप्त हुआ था जिसमें युवक नसीरा गांव के एक शादी समारोह में देसी कट्टा लहराता दिख रहा था। प्राप्त सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर छापेमारी की, शादी समारोह स्थल पर घेराबंदी भी की गई, लेकिन युवक पुलिस की भनक लगते ही मौके से फरार हो गया। बाद में सूचना मिली कि युवक कोहड़ा बाजार की ओर जा रहा है। पुलिस बल ने वहां छापेमारी कर युवक को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक देसी कट्टा बरामद हुआ। पूछताछ में युवक हथियार के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। थाना प्रभारी ने बताया कि गुलशन सिंह के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह का अभियान जारी रहेगा।

_____

वीएसएस का तीन दिवसीय प्रशिक्षण दीप प्रज्वलन के साथ प्रारंभ

दैनिक खोज खबर/रसूलपुर(एकमा)- थाना क्षेत्र स्थित संकुल संसाधन केंद्र रामनंदन हाईस्कूल योगियां में तीन दिवसीय विद्यालय शिक्षा समिति (वीएसएस) प्रशिक्षण कार्य गुरूवार को दीप प्रज्वलन के साथ प्रारंभ हुआ. सीआरसी संचालक व प्रधानाध्यापक लाल बाबू यादव ने वीएसएस के उपस्थित सभी आठों विद्यालय के अध्यक्ष , सचिव , प्रधानाध्यापक व महिला सदस्यों का स्वागत किया. मास्टर ट्रेनर के रूप में शिक्षक शशिभूषण शाही व शिक्षिका अंजना मिश्रा प्रशिक्षण से जुड़े विषय पर विस्तार से प्रकाश डाला और कहा कि वीएसएस के सदस्यों की भूमिका विद्यालय के विकास में महत्वपूर्ण है. छात्र- छात्राओं से जुड़ी लाभदायक योजना सहित विद्यालय से जुड़े पानी , शौचालय ,साफ सफाई आदि बुनियादी समस्याओं का हल वीएसएस की पहल पर सरकार करने की दृढ़ इच्छा रखती है. प्रशिक्षण में शिक्षिका अंजना मिश्रा ने इतनी शक्ति हमें देना दाता प्रार्थना और शिक्षक रामेश्वर गोप ने रघुवीर नारायण रचित देश भक्ति गीत बटोहिया का गायन कर प्रशिक्षणार्थियों में उर्जा का संचार किया. प्रधानाध्यापक सुरेंद्र मांझी, नागेंद्र पंडित,सरोज कुमार पंड़ित , रवीन्द्र कुमार सिंह,अनिता कुमारी,रंजू कुमार,बंटी भारती, ज्ञान प्रकाश सिंह के अलावे कमलावती देवी,सुगम देवी ,संगीता,लवंगी, गुड़िया,रानी,जमीला बेगम , पुष्पा आनन्द राम,आदि समिति अध्यक्ष व सचिव प्रशिक्षण में मुख्य रूप से उपस्थित रहे.

____

सुतिहार मठिया में जीविका समूह ने मनाई गोद भराई रस्म

दैनिक खोज खबर/दरियापुर (सारण)। प्रखंड के सुतिहार मठिया गांव में गुरुवार को जवाहर जीविका ग्राम संगठन की ओर से जीविका समूह की दो सदस्यों की गोद भराई रस्म धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम में समूह की महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर निक्की देवी (पति– सोनु कुमार साह) एवं लक्ष्मी देवी (पति– धिरेंद मांझी) की गोद भराई की रस्म अदा की गई। महिलाओं ने मंगलगीत गाकर दोनों को सुखद मातृत्व जीवन की शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम में जीविका सीएम विनिता देवी, अनिता देवी, नितु देवी, उषा देवी, रुबी देवी, रानी कुमार और काजल सहित अन्य समूह सदस्य मौजूद रहीं। सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की।समूह की महिलाओं ने कहा कि इस तरह के आयोजन से आपसी एकजुटता बढ़ती है और सदस्यों को सामाजिक सहयोग मिलता है। कार्यक्रम के दौरान हर्षोल्लास का माहौल बना रहा।
_______

मांगों को लेकर भाकपा का प्रदर्शन, 13 सूत्री ज्ञापन सौंपा

दैनिक खोज खबर/दरियापुर (सारण)। 26 फरवरी 2026 को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) दरियापुर अंचल की ओर से विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर जुझारू प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद पार्टी का नौ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल प्रखंड विकास पदाधिकारी दीनबन्धु दिवाकर से मिला और 13 सूत्री मांग पत्र सौंपा।
बीडीओ ने मांगों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए प्रतिनिधिमंडल को समुचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
प्रमुख मांगेंडेरनी को प्रखंड बनाया जाए।सुतिहार स्थित दुर्गा उच्च विद्यालय के भूखंड पर डिग्री महाविद्यालय की स्थापना हो।सभी किसानों का आईडी कार्ड बनाया जाए तथा जमीन परिमार्जन में धांधली पर रोक लगे। नल-जल योजना की गड़बड़ियां दूर की जाएं। माही नदी के लोहछा से मलाही तक बांध सह पक्की सड़क निर्माण में हुई अनियमितता की जांच हो। पुरदिलपुर से लोहछा तक बोल्डर पिचिंग कराई जाए।
सुखमयी नदी पर फुर्सतपुर में बने पुल की मरम्मत हो।
अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सक, नर्स व दवा उपलब्ध कराई जाए।एसएच दिघवारा-भेल्दी मार्ग पर डेरनी व सुतिहार बाजार में बाईपास सड़क बने। नीलगाय व बंदरों से प्रखंड को मुक्त कराया जाए।
मनरेगा कानून को बहाल रखा जाए तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन बढ़ाकर 3000 रुपये की जाए। अस्पताल व बैंकों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग काउंटर बने।पंचायतों में बंद पड़े कचरा प्रबंधन को चालू किया जाए।प्रतिनिधिमंडल में अंचल सचिव कॉमरेड शिवजी दास, कॉमरेड डॉ. महात्मा प्रसाद गुप्ता, कॉमरेड डॉ. केएन सिंह, सहायक सचिव कॉमरेड परमात्मा प्रसाद गुप्ता, कॉमरेड विजय कुमार साह, कॉमरेड जयनन्दन प्रसाद, कॉमरेड सत्यनारायण राय, कॉमरेड डॉ. दुर्गा महतो, कॉमरेड विश्वनाथ राय, कॉमरेड अकबर अली अंसारी एवं कॉमरेड सुरेश शर्मा सहित कई साथी मौजूद रहे।इसके बाद डॉ. केएन सिंह की अध्यक्षता में सभा आयोजित की गई। सभा को कॉमरेड डॉ. महात्मा प्रसाद गुप्ता, कॉमरेड शिवजी दास, कॉमरेड परमात्मा प्रसाद गुप्ता तथा सीपीएम नेता कॉमरेड राजनाथ राय समेत अन्य नेताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि जनहित के मुद्दों पर आंदोलन जारी रहेगा।
____:

चंदनपुर नहर से खैरा तक सड़क नहीं बनने से ग्रामीण परेशान

दैनिक खोज खबर/नगरा(सार।प्रखंड क्षेत्र के चंदनपुर गांव स्थित नहर से खैरा तक सड़क का निर्माण नहीं होने के कारण स्थानीय ग्रामीणों को रोजमर्रा के आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.सड़क के अभाव में लोगों को करीब तीन किलोमीटर अधिक दूरी तय कर खैरा जाना पड़ता है,जिससे समय और श्रम दोनों की बर्बादी हो रही है.ग्रामीणों का कहना है कि यदि इस सड़क का निर्माण हो जाए तो सीधे संपर्क मार्ग उपलब्ध हो जाएगा और लोगों को अनावश्यक लंबी दूरी तय करने से राहत मिलेगी.खासकर छात्रों, मरीजों और दैनिक मजदूरी करने वालों को इस समस्या से सबसे ज्यादा जूझना पड़ता है.स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द इस सड़क के निर्माण की मांग की है, ताकि क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके और आवागमन सुगम हो सके.इस संबंध में अपनी बात रखने वालों में बलिराम पासवान, शिलानाथ मांझी, शैलेश पासवान,रोहित पासवान, गुड्डू कुमार, पप्पू कुमार, तारक मांझी, आशु कुमार, गौरीशंकर पासवान, राजू कुमार, कैलाश मांझी, अनूप कुमार, विजेश मांझी, सुभाष मांझी, उमा मांझी, अरविंद कुमार और प्रिंस कुमार शामिल हैं.ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही इस दिशा में पहल नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे.
____

नगरा पुल पर ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार घायल,छपरा रेफर

दैनिक खोज खबर/नगरा (सारण)।थाना क्षेत्र के छपरा–मसरख मुख्य पथ स्थित नगरा पुल पर गुरुवार को एक सड़क दुर्घटना में साइकिल सवार 60 वर्षीय चांद मोहम्मद गंभीर रूप से घायल हो गए. घायल की पहचान कादीपुर टोला,नवीगंज निवासी के रूप में की गई है.बताया जाता है कि साइकिल से मझवलिया के तरफ से नगरा के तरफ आ रहे थे तभी सामने से आ रही अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आ गए जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए.घटना के बाद स्थानीय लोग तथा कादीपुर के सरपंच तमन्ना आलम एवं समाजसेवी अख्तर नाज के सहयोग से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरा में भर्ती कराया गया. जहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया.घटना की सूचना मिलते ही नगरा थाना की डॉयल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया.वहीं स्थानीय लोगों ने पुल के किनारे फुटपाथ पर लगने वाली दुकानों को हटाने की मांग की है.उनका कहना है कि पुल पर दुकानों के कारण आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं होती रहती हैं.