पीएसएलवी-सी 38 की उलटी गिनती शुरू, 14 देशों के भेजे जाएंगे उपग्रह
दैनिक खोज खबर स्पेशल रिपोर्ट 
चेन्नई, 22 जून। पीएसएलवी-सी 38 कार्टोसेट-2 श्रृंखला मिशन की उलटी गिनती आज सुबह पांच बजकर 29 मिनट पर शुरू हो गयी। उपग्रह का प्रक्षेपण शुक्रवार को सुबह श्रीहरिकोटा के प्रक्षेपण स्थल के पहले लांचपैड से किया जाएगा। इसके अलावा 14 देशों के नैनो उपग्रह भी इस मिशन में भेजे जाएंगे। अभियान में शामिल 29 नैनो सेटेलाइट 14 देशों आस्ट्रिया, बेल्जियम, चिली, चेक गणराज्य, फिनलैंड, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, लटाविया, लिथुवानिया, ब्रिटेन और अमेरिका के हैं। एक नैनो सेटेलाइट तमिलनाडु के नूरल इस्लाम विश्वविद्यालय का भी है।
इससे पहले, मिशन रेडीनेस रिव्यू समिति और लॉन्च प्राधिकार बोर्ड ने मिशन के प्रक्षेपण के लिए 28 घंटे की उलटी गिनती शुरू करने की मंजूरी दी थी। इस मिशन का मुख्य पे-लोड 712 किलोग्राम वजनी कार्टोसेट श्रृंखला उपग्रह है। कार्टोसेट के अलावा शेष 30 उपग्रहों का कुल वजन 243 किलोग्राम है जिसका मतलब है कि इस मिशन के अंतर्गत कुल 955 किलोग्राम वजनी उपग्रहों को भेजा जाएगा जिसके लिए पीएसएलवी के विस्तारित वर्जन का उपयोग किया जा रहा है। कार्टोसेट-2 सीरीज एक रिमोट सेंसिंग उपग्रह है, जिसमें पांच साल का मिशन जीवन है। यह अपने समकक्षों के समान है, जिन्हें पहले लॉन्च किया गया था, और इसमें पंचाट और बहु-सेक्टरिक कैमरे शामिल हैं।