(विजय कुमार सिन्हा)

पटना। बिहार विधानसभा में  नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने नीतीश कुमार द्वारा पटना के गाँधी मैदान में समारोह आयोजित कर नियुक्ति पत्र वितरण को महज एक दिखावा करार दिया है। श्री सिन्हा ने कहा कि पटना के गाँधी मैदान में 1 लाख 20 हजार 336 शिक्षकों को दिये गये नियुक्ति पत्र की सत्यता पर बिहार के लोग संदेह कर रहें हैं क्योंकि बिहार सरकार पर विभिन्न भर्तियों में घोटालों के साक्ष्य पब्लिक डोमेन में आ चुके हैं।सरकार को सिपाही परीक्षा, बी पी एस सी की पी टी परीक्षा, एस एस सी की परीक्षा सहित विभिन्न परीक्षाओं के दौरान अनियमितता के कारण रदद्  करना पड़ा हैं। सरेआम चर्चा है कि बिहार में जब से महागठबंधन की सरकार बनी है यहाँ  नौकरी पैसों से ख़रीदा जा रहा है।नियुक्ति पत्र वितरण का इस तरह दिखावा करके बिहार के जनमानस में नीतीश कुमार अपनी छवि  बनाना चाहते हैं। बिहार की जनता मुख्यमंत्री और सरकार की मंशा को भाँप चुकी है और उनके इस तरह के दिखावे वाले राजनीति को अब दरकिनार करते हुए प्रदेश में बदलाव का मन बना चुकी है। श्री सिन्हा ने कहा कि नीतीश कुमार राजनीति के अवसान काल से गुजर रहे हैं और अब उनमें ना नेतृत्व की शक्ति बची है और ना ही उनका किसी विभाग पर दबदबा है।नियुक्ति पत्र बाँटने के नाम पर समारोह में सरकार ने करोड़ों रुपए बहा दिये है। उपमुख्यमंत्री के 10 लाख नौकरी देने का वादा जुमला साबित हुआ है।प्रदेश में जिस तरह से शिक्षा, स्वास्थ्य, गृह विभाग आदि की निष्क्रियता दिखाई दे रही है उससे यह तय हो गया है कि बिहार की जनता जल्द ही नीतीश कुमार को मुक्ति पत्र दे देगी।