जरूरतमंदों की सहायता से त्योहारों पर मिलती है दुगुनी खुशी: जीनत मसीह

छपरा : जरूरतमंदों की सहायता से त्यौहार मनाने की खुशी दुगनी हो जाती है। उक्त बातें रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव जिन्नत जरीना मसीह ने कही। उन्होंने कहा कि समाज के वंचित तबके के चेहरे पर मुस्कान लाना ही नव वर्ष का असली मकसद है। उन्होंने कहा कि समाज के साधन संपन्न लोग खुशी मनाने के लिए काफी धन खर्च करते हैं, लेकिन उनके आस पड़ोस के वैसे लोग, जो साधन विहीन है, उन्हें खुश करने का प्रयास नहीं करते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी त्यौहार के मौके पर समाज के जरूरतमंदों की सेवा और सहायता करने से त्यौहार की खुशी दुगनी हो जाती है और समाज में उल्लास का वातावरण बनता है। नव वर्ष के अवसर पर संध्या समय शहर के 51 जरूरतमंद लोगों को रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से भोजन कराया गया तथा उन्हें कंबल दिया गया। भोजन कराने के कार्यक्रम में ऑल इंडिया रोटी बैंक ने सहयोग किया। गरीब, लाचार, असहाय, मंदबुद्धि तथा बेघर लोगों को भोजन कराया गया।

युवा रेड क्रॉस सोसाइटी के जिला सचिव अमन राज ने कहा कि रेड क्रॉस सोसाइटी की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध समाजसेवी संगठन के रूप में है। यह संगठन अपने नाम के अनुरूप निरंतर समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय है। इस अवसर पर ऑल इंडिया रोटी बैंक के रवि शंकर उपाध्याय, स्काउट गाइड के जिला संगठन आयुक्त आलोक रंजन, समाज सेवी संजीव चौधरी, रोटी बैंक के सदस्य रामजन्म मांझी, राकेश रंजन, अभय पांडेय, सत्येंद्र कुमार, कृष्ण कुमार,रेड क्रॉस युवा इकाई सदस्य अमन सिंह, अंकित श्रीवास्तव, विकास, करण, सुमित सिंह आदि ने भाग लिया।