नवादा: रजौली के पुर्व विधायक कन्हैया रजवार के भांजे की पीट पीट कर हत्या
#वसंत पंचमी का मेला घूम कर जा रहे थे घर
#रिपोर्ट / सन्नी भगत

नवादा
जिले के रजौली प्रखण्ड के हरदिया गांव में सोमवार की देर रात पूर्व विधायक कन्हैया रजवार के भांजे विद्यासागर राजवंशी की पीट पीट कर हत्या कर दी गयी।
वह पत्नी के साथ वसंत पंचमी को लेकर श्रृंगी ऋषि पहाड़ से मेला देखकर लौट रहा था। करीब 2 महीने पहले उसने गांव की लड़की से प्रेम विवाह किया था। इससे युवती के परिजन काफी नाराज थे।
1 जनवरी के दिन दोनों परिवारों के बीच मामले को लेकर पंचायती भी हुई थी। पंचायती में यह तय हुआ था कि दोनों अपने घर से दूर जा कर रहे। पंचायत के फैसले के बाद दोनों पति-पत्नी अपने घर से कुछ दूरी पर किराए के मकान में रह रहे थे।
विद्यासागर की पत्नी रीना ने पुलिस को बताया कि वह पति के साथ श्रृंगी ऋषि पहाड़ पर मेला देखने गयी थी।
वहां से लौटते समय देर हो गयी। रास्ते में करीब छह युवकों ने दोनों को घेर लिया और विद्यासागर की लाठी डंडे से जमकर पिटाई करने के बाद फरार हो गए। किसी तरह रीना अपने ससुराल पहुंची और घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी।
आनन फानन में पहुंचे परिजनों ने विद्यासागर को अनुमण्डलीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवती ने हत्या का आरोप अपने मायके के कुछ लोगों पर लगाया है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस
मामले की जांच कर रही है।
इंस्पेक्टर अवधेश कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। मृतक के परिजनों के लिखित आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।
घटना को अंजाम देने वाले लोगों को मृतक की पत्नी द्वारा पहचान लेने की बात कही गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई ।




Recent Comments