दैनिक खोज खबर/छपरा। नगर थाना क्षेत्र के थाना चौक के समीप भीषण गर्मी के कारण अचानक चक्कर खाकर सड़क पर गिरी एक वृद्ध महिला की जान ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तत्परता और संवेदनशीलता से बच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक चार पहिया वाहन के सामने अचानक वृद्ध महिला गिर पड़ी, जिससे उनके माथे पर गंभीर चोट आई। मौके पर तैनात ट्रैफिक महिला सिपाही रागिनी कुमारी, रिंकी कुमारी और होमगार्ड जवान प्रेम कुमार ने तुरंत मोर्चा संभाला। पुलिसकर्मियों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल महिला को गोद में उठाकर सड़क किनारे किया और प्राथमिक उपचार दिया।
इसी बीच, जिस गाड़ी के सामने महिला गिरी थी, उसके सवार व्यवहार न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता सह पीपी सरबजीत ओझा ने भी तत्परता दिखाई। पुलिसकर्मियों और अधिवक्ता के सहयोग से महिला को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के बाद उनकी स्थिति सामान्य है। घायल महिला की पहचान बाजितपुर तुर्कवालिया निवासी शिवझड़ी देवी के रूप में हुई है, जो पारिवारिक नाराजगी के कारण घर से निकली थीं। ट्रैफिक पुलिस के इस मानवीय चेहरे और कर्तव्यनिष्ठा की स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की है।




Recent Comments