
दैनिक खोज खबर/मढ़ौरा (सारण)। स्थानीय थाना क्षेत्र के विशुनपुर जगदीश गांव में बुधवार को पुलिस ने एक लावारिस बाइक की डिक्की से एक देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किया है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है, वहीं ग्रामीणों के बीच किसी को जानबूझकर फंसाने की साजिश को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
दो दिनों से खड़ी थी संदिग्ध बाइक:
जानकारी के अनुसार, विशुनपुर जगदीश गांव में सड़क किनारे पिछले दो दिनों से एक होंडा एसपी-125 मोटरसाइकिल लावारिस हालत में खड़ी थी। लगातार दो दिनों तक बाइक को एक ही जगह संदिग्ध अवस्था में देखकर स्थानीय ग्रामीणों को शक हुआ। इसके बाद ग्रामीणों ने मामले की सूचना स्थानीय मढ़ौरा थाना पुलिस को दी।
डिक्की खोलते ही उड़े होश:
सूचना मिलते ही बुधवार को मढ़ौरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और लावारिस खड़ी मोटरसाइकिल को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की। जब पुलिस ने छानबीन के उद्देश्य से बाइक की डिक्की को खोला, तो उसमें लाल कपड़े में लिपटा हुआ एक देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ। डिक्की से हथियार मिलते ही मौके पर मौजूद लोगों के होश उड़ गए। पुलिस ने तुरंत हथियार और मोटरसाइकिल को अपने कब्जे में ले लिया।




Recent Comments