जल संचय को लेकर सामूहिक संकल्प की जरूरत-मानव

#कुमुद रंजन सिंह की रिपोर्ट/हिलसा( नालन्दा) : जल शक्ति अभियान को लेकर गुरुवार को हिलसा के स्कूली बच्चों के बीच वातावरण निर्माण के उद्देश्य से सुलेख़ प्रतियोगिता सह संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कौटिल्य नगर स्थित ज्ञान भारती कैंपस में उपस्थित बच्चों को इस दौरान पानी की बर्बादी रोकने का सामूहिक संकल्प भी दिलाया गया. ज़िला ब्राण्ड ऐंबेसडर आशुतोष कुमार मानव ने इस अवसर पर ख़ासकर बच्चों एवं शिक्षकों को प्रेरित करते हुए कहा कि आज कल जिस प्रकार जल का दुरुपयोग हो रहा है अगर यही हाल रहा तो आने वाले समय में हम सबको पीने योग्य पानी तक नसीब नहीं होगा. उन्होंने कहा कि जल संचय के साधन की कमी की वजह से भू जल स्तर काफ़ी तेज़ी से घट रहा है. अगर समय रहते पानी का हम अधिक से अधिक संचय नहीं करेंगे तो आने वाले समय में बेमौत मारे जाएँगे. मानव ने बढ़ती जनसंख्या को भी इसके लिए दोषी क़रार दिया तथा कहा कि जितनी तेज़ी से जनसंख्या बढ़ रही है उसी अनुपात में जंगल काटे जा रहे हैं. तालाब, छोटे बड़े पोखर, जल संचय के अन्य श्रोत अतिक्रमण के शिकार होते जा रहे हैं. प्रकृति के साथ हम जितना छेड़छाड करेंगे उतना ही ख़ामियाज़ा सबको भुगतना पड़ेगा. प्रो. एसपी सिंह ने कहा कि जल संरक्षण जैसे मुद्दे पर कार्य करना हम सबकी ज़िम्मेवारी है. जल है तभी कल है. कार्यक्रम में शामिल वक्ताओं ने छात्र छात्राओं को वर्षा जल संरक्षण, पौधारोपण, तालाब की महत्ता, जल छाजन जैसे विषयों की विस्तार से जानकारी देते हुए अपने अपने अभिभावको को भी प्रेरित करने का संकल्प दिलाया. मौक़े पर प्रो. सुनील कुमार सिंह, सुषमा देवी, पुष्पा कुमारी, राणा प्रताप सिंह, डिम्पल सिन्हा, रितिका कुमारी, रिया सलोनी, विवेक कुमार , अभिषेक कुमार, दीपक कुमार , अखिलेश, ख़ुश्बू, उत्पलकांत समेत कई लोग उपस्थित थे.