
छपरा:छपरा विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास और जनहित से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण समस्याओं के समाधान के लिए स्थानीय विधायक छोटी कुमारी ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की प्रमुख आवश्यकताओं और विकास कार्यों से संबंधित एक विस्तृत मांग-पत्र मुख्यमंत्री को सौंपकर इस पर शीघ्र कार्रवाई का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने सभी विषयों को गंभीरता से सुनते हुए क्षेत्र के विकास कार्यों पर सकारात्मक पहल और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। विधायक ने स्पष्ट किया कि छपरा विधानसभा को एक विकसित, सुगम और सुंदर क्षेत्र बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
प्रमुख विकास मांगें और बिंदु
- पीपा पुल का निर्माण: रिविलगंज और सिताबदियारा के बीच पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा घोषित पीपा पुल का शीघ्र निर्माण कराने की मांग प्रमुखता से रखी गई, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में बड़ी सहूलियत मिल सके।
- धार्मिक व पौराणिक स्थलों का पर्यटन विकास: रामायण काल से जुड़े प्राचीन स्थलों—भगवान हनुमान जी के ननिहाल, गौतम ऋषि स्थान और श्रृंगी ऋषि आश्रम का संरक्षण, सौंदर्यीकरण तथा इन्हें पर्यटन मानचित्र पर आपस में जोड़ने का प्रस्ताव।
- यातायात और सड़क सुदृढ़ीकरण: छपरा शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए डबल डेकर निर्माण कार्य को गति देने, ब्रह्मपुर से बिशुनपुरा तक फोरलेन सड़क के साथ-साथ इनाई से धर्मनाथ मंदिर होते हुए बड़ा तेलपा तक सड़क, सांढ़ा ओवरब्रिज से मौना चौक लिंक पथ और गांधी चौक से गरखा ढाला तक संपर्क मार्ग का निर्माण।
- जलजमाव से मुक्ति और सौंदर्यीकरण: शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान (विशेषकर प्रभुनाथ नगर में), प्रमुख सड़कों पर डिवाइडर लाइट की व्यवस्था, शहर में आधुनिक पार्क का निर्माण तथा जटही पोखरा सहित अन्य प्रमुख पोखरों का जीर्णोद्धार।
क्षेत्र के विकास से जुड़े इन तमाम मुद्दों पर सरकार के सकारात्मक रुख से छपरा के लोगों में विकास कार्यों को नई गति मिलने की प्रबल उम्मीद जगी है।




Recent Comments