कार्य प्रगति का जायजा लेते एसडीएम निधि राज व मौके पर उपस्थित स्वास्थ प्रबंधक विश्वजीत कुमार

मढ़ौरा(सारण): स्थानीय अनुमंडलीय अस्पताल में शुक्रवार को एसडीओ निधि राज ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल कर्मियों में पूरी तरह सतर्कता और हलचल देखी गई। एसडीओ ने पंजीकरण काउंटर, ओपीडी और दवा वितरण कक्ष का जायजा लेते हुए व्यवस्थाओं की वस्तुस्थिति समझी। एंटी रैबीज की अनुपलब्धता पाए जाने पर उसकी उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये। जीविका दीदी की रसोई को लेकर भी दिशा निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान प्रखंड स्वास्थ्य सह अस्पताल प्रबंधक विश्वजीत कुमार ने अप्रैल माह से अब तक की कार्य प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। रिपोर्ट के अनुसार, इस अवधि में अस्पताल में कुल 925 सुरक्षित प्रसव कराए गए हैं। वहीं, 665 ईसीजी जांच में से 33 क्रिटिकल मरीजों की पहचान कर समय पर उचित इलाज सुनिश्चित किया गया। इसके अतिरिक्त, अस्पताल में तीन एम्बुलेंस सेवाएं सुचारू रूप से कार्य करती पाई गईं।एसडीओ निधि राज ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक दुरुस्त करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट लहजे में कहा कि मरीजों को सरकार की ओर से मिलने वाली सभी निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं पूरी ईमानदारी से मिलनी चाहिए। इसमें किसी भी प्रकार की कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस औचक निरीक्षण से अस्पताल कर्मियों में अपनी जिम्मेदारियों को लेकर सतर्कता साफ तौर पर नजर आई।