कांवरियों को लेकर जा रही पिकअप वैन पलटने से एक की मौत, 10 घायल, दो पीएमसीएच पटना रेफर

छपरा। जिले के रिविलगंज थाना क्षेत्र के देवरिया गांव के पास छपरा – सिवान एनएच पर कांवरियों को लेकर जा रही एक अनियंत्रित पिकअप वैन के पलट जाने के कारण उस पर सवार 1 कांवरिया की मौत मंगलवार को दिन के करीब 10:00 बजे हो गयी। इस घटना में दस कांवरिया गंभीर रूप से घायल हो गये, जिन्हें इलाज के लिए आस-पास के लोगों के द्वारा छपरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में दो कांवरियों की स्थिति नाजुक बनी हुई है, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया । फिलहाल इस घटना को लेकर सदर अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा है। घटना की सूचना पाकर पुलिस घटना स्थल पहुंच गई है। पुलिस ने जब्त कर लिया है। घायलों के परिजनों को पुलिस प्रशासन के द्वारा घटना की सूचना दे दी गई है। सभी कांवरिया देवघर बैद्यनाथ धाम से जलाभिषेक कर वापस लौट रहे थे और सभी सिवान जिले के रहने वाले हैं जिसमें हसनपुरा थाना क्षेत्र के लहेजी गांव निवासी श्याम लाल साह के 22 वर्षीय पुत्र तूफानी साह, गौरी शंकर साह के पुत्र सतीश कुमार, लहेजी मठिया गांव निवासी इंद्रदेव यादव के 32 वर्षीय पुत्र अरविंद यादव, नथुनी साह के 22 वर्षीय पुत्र मनीष कुमार, अखिलेश साह के पुत्र राजन साह, छपिया गांव निवासी राम प्रवेश साह के 19 वर्षीय पुत्र विशाल कुमार,सुंदर साह के 18 वर्षीय पुत्र चंदन कुमार, घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा हैं। जबकि सहाजन यादव के पुत्र दीनदयाल यादव, गोपालपुर गांव निवासी शिव बालक यादव के पुत्र रमेश यादव को प्राथमिक उपचार के बाद पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया है। घटना स्थल पर ही हसनपुरा थाना क्षेत्र के लहेजी गांव निवासी सुदामा साह के 35 वर्षीय पुत्र राजू साह की मृत्यु हो गई हैं। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले कर पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दिया है ।




Recent Comments