रेलवे क्राॅसिंग के जाम से अब छपरा नगरवासियों को मिलेगी मुक्ति

छपरा, 06 अगस्त : जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने छपरा शहर के बीचों बीच स्थित तीन मुख्य रेलवे क्राॅसिंग पर आरओबी निर्माण का प्रस्ताव सरकार को भेजा है और सरकार की ओर से हरी झंडी मिलते ही डीपीआर तैयार कर निर्माण कार्य शुरू कराने की प्रक्रिया शुरू की जायेगी । डीएम ने बताया कि जगदम काॅलेज स्थित समपार संख्या-47 ई गाॅंधी चैक से आगे नेवाजी टोला स्थित एलसी /47 तथा भिखारी ठाकुर चैक से आगे छपरा ग्रामीण रेलवे स्टेशन के पास अवस्थित एलसी 41 पर हमेशा जाम लगने की शिकायत मिलती है और स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पङ रहा है । इसके मद्देनजर फ्लाइ ओवर ब्रिज के निर्माण के लिए पथ निर्माण विभाग बिहार सरकार के प्रधान सचिव से अनुरोध किया गया था। इस आलोक में पथ निर्माण विभाग की ओर से पथ प्रमण्डल छपरा के कार्यपालक अभियंता से आरओबी निर्माण की संभावना प्रतिवेदन की मांग की गयी है, जिसे कार्यपालक अभियन्ता द्वारा विभाग में उपलब्ध करा दिया गया है। इसके पश्चात पथ निर्माण विभाग से निदेश प्राप्त होने के उपरांत उक्त तीनों समपार फाटकों पर आरओबी निर्माण का डीपीआर तैयार कर अग्रेत्तर कार्रवाई की जायेगी।
उक्त तीनों समपार फाटकों पर आरओबी के निर्माण हो जाने से लोगों को रेलवे क्राॅसिंग पर घंटो लगने वाले जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी तथा शहर की यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी।
इसके साथ ही जिलाधिकारी के अनुरोध के आलोक में पथ निर्माण विभाग, बिहार पटना द्वारा छपरा – मुजफ्फरपुर पथ अंतर्गत नेवाजी टोला चैक से एन एच -102 आरओबी मेहिंया तक पथ के मरम्मति कार्य हेतु 60 लाख की स्वीकृति प्रदान कर दी गयी है, जिसके आलोक में निविदा की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गयी है। पथ की मरम्मति के उपरांत वहां आये दिन लगने वाले जाम की समस्या से आमजनों को मुक्ति मिलेगी तथा पटना, मुजफ्फरपुर आदि स्थानों पर जाने में काफी सहूलियत भी होगी।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी के प्रयास से छपरा शहरी क्षेत्रान्तर्गत लगभग 4 किमी खनुआ नाला के जीर्णोद्धार कार्य हेतु लगभग 30 करोड़ की स्वीकृति प्राप्त हो गयी है। इस कार्य के लिए बुडको द्वारा निविदा की प्रक्रिया पूर्ण कर ‘जय माता दी कंस्ट्रक्शन’ को एजेंसी के रूप में चयनित भी कर लिया गया है। उक्त नाला पूर्णतया भूमिगत रहेगा तथा लोगों के आवागमन हेतु उसके ऊपर लगभग 5 मीटर चैड़ाई में पथ का भी निर्माण किया जायेगा। जीर्णोद्धार का कार्य 15 अगस्त के बाद से प्रारंभ कर दिया जायेगा।