मांझी(सारण)। अगर जरूरत पड़ी तो एनसीसी कैडेट इंडियन आर्मी के साथ कंधे से कंधा मिला कर चीन को मुंहतोड़ जवाब देने को तैयार है। मांझी प्रखंड के भजौना गांव निवासी व जगदम कालेज छपरा से जुड़े एनसीसी के सीनियर अंडर ऑफिसर मनीष कुमार सिंह ने कहा कि भारत की सीमा पर बढ़ते तनाव को देखते हुए कैडेट्स के साथ हम चीन को सबक सिखाने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि 1962, 1965 एवं 1971 की जंग में जिस बहादुरी और साहस के साथ एनसीसी ने सेना का साथ दिया था। आज उससे भी अधिक जज्बे के साथ सीमा की रक्षा करने की हिम्मत रखते हैं। मनीष ने कहा कि सरहद पर जिस निडरता के साथ हमारी सेना घुसपैठी दुश्मन को टक्कर दे रही है उसपर हमें गर्व है। हर भारतीय का कर्तव्य है कि ऐसी घड़ी में देश की मजबूती के लिए विदेशी वस्तुओं का बहिष्कार करे और सेना का साथ दें।