मांझी(सारण)। गुरुवार की सुबह मांझी थाना क्षेत्र के मझनपुरा गांव में आग से झुलसकर 35 वर्षीय एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। मृतिका मझनपुरा गांव निवासी अजित कुमार सिंह की पत्नी बेबी देवी बताई जाती हैं। घटना की सूचना पाकर पहुंची मांझी थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम हेतु छपरा भेज दिया। घटना के सम्बंध में मायके और ससुराल वालों ने पुलिस को एक दूसरे के खिलाफ विरोधाभासी बयान दिया है। मृतिका के श्वसुर रामपुकार सिंह ने पुलिस को बताया है कि खाना बनाते समय गैस चूल्हे की लपटों से झुलसने से बेबी की मौत हो गई। वहीं दूसरी घटना की सूचना पाकर पहुंचे मृतिका के मायके वालों ने परिजनों पर जला कर मार डालने का आरोप लगाया है। मृतिका के पिता व छपरा सदर ब्लॉक के विष्णुपुरा निवासी छत्रपति सिंह ने बताया कि उनकी पुत्री को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने दावा किया कि सिलेण्डर गैस से नही बल्कि मिट्टी का तेल छिड़ककर उसे जिंदा जला दिया गया है। उन्होंने ससुराल वालों पर हत्या का मुकदमा करने की बात कही। घटनास्थल पर मिट्टी तेल की बदबू आने की बात पुलिस ने भी स्वीकार की है। हालांकि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों का पर्दाफाश सम्भव है।
मृतिका का पति अजित घर पर रहकर खेती गृहस्ती करता है। जबकि उसके पिता बीएसएफ से रिटायर होने के बाद घर पर रहते हैं। अजित को 14 वर्ष की एक पुत्री भी है तथा अजित का छोटा भाई बीएसएफ में नौकरी करता है। घटना की सूचना पाकर वहां ग्रामीणों तथा आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई तथा घटना को लेकर तरह तरह की चर्चा शुरू हो गई। घटना स्थल पर मांझी विधानसभा के पूर्व प्रत्यासी राणा प्रताप उर्फ डब्ल्यु सिंह मुखिया पति उदयशंकर सिंह सरपंच पति अरुण सिंह पूर्व मुखिया क्रमशः जयप्रकाश सिंह तथा शिव प्रसाद साह सुनील कुमार पाण्डेय पुरुषोत्तम सिंह अलबेला सिंह प्रो रामजी सिंह रमाकांत सिंह परमात्मा सिंह तथा बृज किशोर सिंह सहित सैकड़ों लोग जमा हो गए।