अज्ञात युवक का शव बरामद, हत्या की आशंका

एकमा : थाना क्षेत्र के मठनपुरा गांव के बाहर बुधवार को एक ईंट-भट्ठे के समीप गड्ढे से 25 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी पाकर मौके पर थानाध्यक्ष संतोष कुमार व पुलिस अवर निरीक्षक विमलेश्वर पांडेय सशस्त्र बलों के साथ पहुंच गए। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक पूछताछ भी किया।

इस मौके पर शव का निरीक्षण के दौरान गहरे जख्म के निशान भी पाए गए। ग्रामीणों द्वारा आशंका जताई जा रही है कि युवक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या की गई है। बताया जा रहा है कि लगभग तीन-चार दिन पूर्व हत्या कर युवक के शव को यहां छुपाना गया था। बरामद शव से दुर्गंध आने से इसकी आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत करीब तीन-चार दिन पूर्व ही हुई होगी।
थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि बरामद शव को पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल छपरा भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। हालांकि कि अभी तक बरामद शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
उधर इस युवक का शव मिलने से क्षेत्र में भय व दहशत का वातावरण कायम हो गया है। लोकसभा चुनाव की मतगणना के ठीक एक दिन पहले युवक का शव बरामद होने से लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाओं व कयासों को लगाया जा रहा है। हालांकि पुलिस मामले का शीघ्र ही राजफाश करने का दावा कर रही है।