*SI  संजय गोड़  आत्महत्या मामले में नया मोड़ ,पत्नी ने लगाया हत्या का आरोप*
*✍श्रीनारद संवाद सेवा*
👉 संजय की पत्नी ने सीवान के दरौली थाना मे दर्ज कराई प्राथमिकी, कहा कि जब संजय को  सर्विस रिवाल्वर मिला ही नहीं था, सर्विस रिवाल्वर से अपने को गोली
कैसे मारी ?👈
सीवान :मुजफ्फरपुर के पानापुर करियात ओपी में तैनात सीवान जिले के दरौली के रहने वाले दारोगा संजय कुमार गौड़ की मौत मामले में नया मोड़ आ गया है. मुजफ्फरपुर पुलिस ने जहाँ संजय गौड़ की मौत को आत्महत्या बताया वहीं मृत्त दारोगा की पत्नी ने इसे साजिश के तहत हत्या का मामला बताते हुए मुजफ्फरपुर पुलिस के वरीय पदाधिकारियों पर हत्या का आरोप लगाया है. दारोगा की विधवा ने सीवान के दरौली थाना में मुजफ्फरपुर एसपी के खिलाफ लिखित शिकायत भी दी है.
गौरतलब कि मुजफ्फरपुर के कांटी थाना के पानापुर करियात ओपी में एस आई के पद पर तैनात दारोगा संजय कुमार गौड़ की रविवार को अपने थाना में ही गोली लगने से मौत हो गयी. संजय कुमार गौड़ सीवान जिले के दरौली थाना क्षेत्र के मुड़ा कर्मवार गाँव के रहने वाले थे. जो 2009 के बैच में पुलिस में भर्ती हुए थे. पूर्व में वे हाजीपुर के सहदेई ओपी के इंचार्ज रह चुके थे. जहाँ उनकी गाड़ी से शराब मिलने के आरोप में उनपर कारवाई हुयी थी और उनके सर्विस रिवाल्वर को सीज कर लिया गया था और उनका स्थानांतरण मुजफ्फरपुर के आहियापुर थाना में किया गया था.
सोमवार को सीवान के दरौली थाना में संजय कुमार गौड़ की विधवा कल्याणी देवी ने अपने लिखित आवेदन में कहा है कि  अनुसूचित जन जाति से होने के कारण अफसरों द्वारा उनके पति के साथ भेदभाव किया जाता था और प्रताड़ित किया जाता था. कल्याणी देवी ने अपने आवेदन में मुजफ्फरपुर के एसपी पर उनके थानेदार के रूप में पोस्टिंग के लिए दस लाख रूपये रिश्वत मांगे जाने का आरोप भी लगाया है. कल्याणी देवी ने लिखा है कि उनके पति ने दस लाख में से साढ़े छ: लाख रुपये मुजफ्फरपुर एसपी को दे भी दिया था जिसके चलते एसपी ने उन्हें गायघाट थाना का इंचार्ज बना भी दिया था लेकिन रिश्वत के शेष साढ़े तीन लाख रूपये नहीं दिए जाने के कारण एसपी ने उन्हें फिर से विरमित करते हुए पानापुर करियात ओपी में दारोगा बना दिया.
मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया कि थाना प्रभारी मो0 हारून के आवास परिसर में प्रभारी ने ही गोली मार कर संजय की हत्या की .साथ ही परिजनों को इसकी सूचना तक नहीं दी गयी.परिजनों के अनुपस्थिति में शव का पोस्टमार्टम कराया गया. पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को घटना की जानकारी दी गई.