
✍️परवेज़ अख्तर/सीवान : दरौंदा विधानसभा पुनर्गठन के पश्चात आज जदयू का किला पहली बार ध्वस्त हो गया ।उपचुनाव में एनडीए एवं महागठबंधन के प्रत्याशियों को जनता ने नकारते हुए भाजपा से बागी होकर चुनाव लड़ रहे स्वतंत्र प्रत्याशी कर्णजीत सिंह को जीत का सेहरा बांध दिया। उपचुनाव के मतगणना में आज निर्दलीय प्रत्याशी कर्णजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी एनडीए प्रत्याशी एवं सांसद कविता सिंह के पतिअजय कुमार सिंह को लगभग 27000 मतों से पराजित कर दिया। वही इस चुनाव में महागठबंधन के मुख्य घटक दल राष्ट्रीय जनता दल के प्रत्याशी उमेश सिंह तीसरे नंबर पर रहे। और राजद से बगावत कर चुनाव लड़ने वाले इंजीनियर शैलेंद्र यादव चौथे स्थान पर रहे । मतगणना केंद्र पर लगभग 22 चक्र के मतगणना में शुरुआत से ही निर्दलीय प्रत्याशी कर्णजीत सिंह ने जो बढत बनाई वह अंत तक बरकरार रखी। और कर्णजीत सिंह को 51207 मत प्राप्त हुए वहीं निकटतम प्रतिद्वंदी एनडीए प्रत्याशी अजय कुमार सिंह को 23895 मत प्राप्त हुए। वहीं महागठबंधन के समर्थित राजद प्रत्याशी उमेश कुमार सिंह को 20891 मत प्राप्त हुए वही राजद से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे इंजीनियर शैलेंद्र यादव को 17272 मत प्राप्त हुए। स्थानीय डीएवी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में हो रहे मतगणना को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से चौकस था ।जिला पदाधिकारी सुश्री रंजीता एवं पुलिस अधीक्षक नवीन चंद्र झा पूरे दिन मतगणना केंद्र पर कैंप किए हुए थे।मतगणना में किसी प्रकार की गड़बड़ी ना हो इसके लिए मतगणना केंद्र के 200 मीटर की परिधि में धारा 144 का प्रयोग कर निषेधाज्ञा लागू कर दी गई थी ।उधर डीएवी मोड की तरफ से जाने वाले मार्ग को बैरिकेडिंग करके जांच होने के पश्चात मतगणना कर्मी एवं जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधि एवं आवश्यक सेवा के वाहनों को ही जाने की अनुमति दी गई थी। उधर राजेंद्र स्टेडियम की ओर से आने वाले मार्ग को भी बंद कर दिया गया था ।आंदर ढाला ओवर ब्रिज एवं शांति वट वृक्ष के समीप से वाहनों को डाइवर्ट किया जा रहा था। बीते लोकसभा चुनाव में शांति बट वृक्ष एवं डीएवी मोड़ के बीच असामाजिक तत्वों द्वारा पुलिस पर पथराव के चलते विशेष सतर्कता बरती गई थी ।जिसके चलते शांतिपूर्ण मतगणना संपन्न हो गया। मतगणना केंद्र के अंदर मीडिया सेल बनाया गया था जहां पत्रकारों को अद्यतन स्थिति के बारे में पदाधिकारियों द्वारा प्रति राउंड के गणना के बाद जानकारी दी जा रही थी ।मतगणना शुरू होने के साथ पोस्टल बैलट के गिनती होने में ही कर्णजीत सिंह ने बढ़त बना ली थी जो चुनाव परिणाम आने तक जारी रहा। बावजूद इसके शुरुआती दौर में एनडीए प्रत्याशी अजय सिंह एवं महागठबंधन के प्रत्याशी उमेश सिंह के समर्थक जीत के प्रति पूरी तरह से आश्वस्त थे। लेकिन मतगणना कार्य ज़्यो-२ बढ़ता गया ,महागठबंधन के समर्थकों में मायूसी छाती गई और धीरे-धीरे उनकी संख्या मतगणना केंद्र पर घटती गई ।जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में निर्दलीय प्रत्याशी कर्णजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह को विधानसभा निर्वाचन का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया ।उधर स्वतंत्र उम्मीदवार कर्णजीत सिंह के विजई होने पर उनके आवास पर जश्न का माहौल था। और अधिकांश भाजपा के नेता उनके यहां हो रहे जश्न में शामिल थे। चुनाव मे अक्शर छुप-छुपकर रहने वाले भाजपा नेता आज उनके यहां मिठाई खाने में भी परहेज नहीं कर रहे थे।
पुलिस ने कांड में फरार चल रहे दो अभियुक्तों को किया गिरफ्तार




Recent Comments