कांग्रेस की कार्यसमिति की बैठक कल, राष्ट्रपति पर बनेगी रणनीति 
तासीम अहमद
नई दिल्ली 5 जून। मंगलवार को सोनिया गांधी के आवास 10 जनपथ पर कांग्रेस कार्यसमिति की अहम बैठक होने जा रही है. मीटिंग में देश में छाए तमाम मुद्दों पर पार्टी की रणनीति तय होगी. हालांकि राहुल गांधी को अध्यक्ष मनोनीत करने का मुद्दा बैठक में उठेगा, इसे लेकर सस्पेंस बरकरार है.
क्या है बैठक का एजेंडा
 सूत्रों का कहना है कि बैठक में देश के मौजूदा सियासी हालात पर चर्चा होगी. मीटिंग में गोहत्या, यूपी में हालिया जातीय हिंसा, केंद्र सरकार की कार्यशैली, अर्थव्यवस्था और कश्मीर समेत कई मुद्दों पर प्रस्ताव पारित किये जा सकते हैं.
उठेगा राहुल की ताजपोशी का मसला
कांग्रेस की कार्यसमिति मीटिंग के दौरान पार्टी के आंतरिक चुनाव के शेड्यूल पर भी मुहर लगाएगी. कांग्रेस के सभी आला नेता राहुल गांधी को बतौर अध्यक्ष मनोनीत करने के हक में हैं. लेकिन राहुल आंतरिक चुनाव के जरिये ही ये पद स्वीकार करना चाहते हैं. सूत्रों का दावा है कि मंगलवार की बैठक में इस मुद्दे पर कोई चर्चा नहीं होगी.
राष्ट्रपति चुनाव पर बनेगी रणनीति!
सोनिया गांधी कार्यसमिति को आगामी राष्ट्रपति और उप-राष्ट्रपति चुनाव के लिए विपक्ष की पार्टियों के साथ हुई बातचीत का ब्योरा पेश करेंगी. इस बैठक में आदिवासियों, दलितों, किसानों के मुद्दे पर राहुल भी अपनी बैठकों के बारे में नेताओं को जानकारी देंगे।