म्युनिसिपल चौक पर हड़ताली कार्यपालक सहायकों ने किया हवन
संवाददाता-छपरा. हड़ताली कार्यपालक सहायकों ने अपने आंदोलन के चौथे दिन शंखनाद कर हवन किया. यह हवन उन्होंने सरकार को सद्बुद्धि देने के उद्देश्य से किया, ताकि संविदा प्रथा को खत्म कर उनकी सेवा नियमित की जा सके. संविदा पर बहाल कार्यपालक सहायक यहीं नही रुके. उन्होंने शाम को शहर के नगरपालिका चौक से कैंडिल मार्च भी निकाला और शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरे. इस दौरान वे अपनी मांगों को पूरा करने के लिए आवाज बुलंद करते रहे. इसके साथ ही उन्होंने सरकार के द्वारा जारी तुगलकी फरमान आंदोलन खत्म करने संबंधी आदेश को फाड़ दिया और आगे उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी.

नगरपालिका चौक पर आयोजित धरना के तीन दिन बीत जाने के बाद भी सरकार की ओर से कोई सकारात्मक पहल होते नही देख उन्होंने गुरुवार को धरना स्थल पर ही होम हवन करना प्रारम्भ कर दिया. धरना को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष निलेश कुमार ने कहा कि संविदा प्रथा एक कलंक के समान है. सरकार को चाहिए कि इसे खत्म करे. हवन करने से सरकार को सद्बुद्धि आयेगी और वह हमारी मांगों को पूरा करेगी. इसी बीच सामान्य प्रशासन विभाग के प्रधान सचिव के गुरूवार को जारी पत्र को उन्होंने फाड़ कर हवन कुंड में प्रज्वलित कर दिया. उन्होंने इसे तुगलकी फरमान की संज्ञा दी. उनका कहना था कि यह आंदोलन और अधिक ऊर्जा व ऊष्मा के साथ आगे जारी रहेगा. हम किसी भी सूरत में पीछे हटने वाले नही है. उधर कार्यपालक सहायकों और ग्रामीण आवास सहायकों के अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाने से सरकारी कामकाज बाधित हुए. कई कार्यालयों से लोगों को बिना काम कराये वापस लौटना पड़ा. आरटीपीएस काउंटर पर काम ठप पड़ा रहा. बिजली, स्वास्थ्य कृषि, मनरेगा, इंदिरा आवास आदि के कम्प्यूटरीकृत कार्य नही किये जा सके. धरना को परिवर्तनकारी शिक्षक संघ के नेता समरेंद्र बहादुर सिंह, गोपगुट के सचिव सैयद नजमी, मीडिया प्रभारी हिमांशु राज उर्फ गेशू, सचिव प्रकाश कुमार आदि ने संबोधित किया. मौके पर आनन्दिता सिंह, प्रीति गुप्ता, राजमोहन, विजय कुमार, श्रीराम कुमार, संदीप रंजन, कमल कुमारी, अंजू कुमारी, अविनाश मिश्र, मुन्ना कुमार, अजय रााज, मनमोहन कुमार, विशाल कुमार, पप्पू पासवान, विजय सिंह, एजाज आलम, इजहरुल हक, प्रवीण मिश्रा सहित सैंकड़ो कार्यपालक सहायक और ग्रामीण आवास सहायक उपस्थित थे.




Recent Comments