सावन से पहले दुरुस्त कीजिये महेन्द्रनाथ धाम जाने वाली सड़क, भाजपा ने दिया अल्टीमेटम
विनीत कुमार/देवेन्द्र सिंह, एकमा/रसूलपुर
भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को एकमा प्रखण्ड क्षेत्र के अलग अलग क्षेत्रो में व्यापत खामियों को ले रोषपूर्ण प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन में मुख्य रूप से सड़कों का मुद्दा छाया रहा। भाजपा पश्चिमी मंडल के अध्यक्ष अविनाश चंद्र उपाध्याय ने रसूलपुर चैनपुर पथ को सावन शुरू होने से पहले दुरुस्त किये जाने की बात कही।

 एकमा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व भाजपा प्रत्याशी कामेश्वर कुमार सिंह उर्फ मुन्ना सिंह के नेतृत्व में यमुना सिंह महाविद्यालय से चले सैकड़ो भाजपा कार्यकर्ता एकमा प्रखण्ड मुख्यालय पहुँचे व एकमा बीडीओ को ज्ञापन सौंपा। इस संबंध में कामेश्वर मुन्ना ने बताया कि हमारी मांगे मुख्य रुप से एकमा में बिजली, सड़क व शिक्षा को पटरी पर लाने की है। श्री मुन्ना ने कहा कि यदि व्यवस्था नही सुधरी तो भाजपा उग्र प्रदर्शन करेगी। उन्होंने एकमा बीडीओ से मूंग के बीज वितरण में हो रही धांधली व सामाजिक सुरक्षा के पेंशन की राशि लाभुकों के खाते में जल्दी भेजने की बात बीडीओ अखिलेश कुमार से कही।

हमारे रसूलपुर संवाददाता के अनुसार
रसूलपुर चैनपुर पथ की बदहाली पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने रसूलपुर चौक पर धरना प्रदर्शन किया। रसूलपुर -चैनपुर पथ की जर्जरता से नाखुश एकमा पश्चिमी मंडल अध्यक्ष अविनाश चन्द्र उपाध्याय के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा सोमवार को एक दिवसीय धरना प्रदर्शन का आयोजन शांति पूर्ण सम्पन्न हुआ ।इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने रसूलपुर बाजारवासियो से घूमकर सड़क की मरम्मत कार्य को लेकर सहयोग करने को कहा। कार्यकर्ताओं ने अल्टीमेटम देते हुए कहा कि सारण के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा महेन्द्रनाथ मन्दिर में दर्शन व जलार्पण के लिए श्रावण मास मे सीमावर्ती प्रदेशों से भी लाखों की संख्या में श्रद्धालु पधारते हैं। 

उन्हें जर्जर चैनपुर रसूलपुर पथ से ही होकर मंदिर जाना पड़ता है। श्रावण मास आरंभ के पूर्व यदि सड़क का मरम्मत कार्य सम्पन्न नहीं होता है तो भाजपा कार्यकर्ता प्रखंड के कार्यालय मे होनेवाली सरकारी कार्य में भी बाधा उत्पन्न करेंगे तथा सड़क निर्माण कार्य पूर्ण न हीने पर चक्का जाम भी करेंगे। मौके पर कामेश्वर सिंह मुन्ना उपाध्यक्ष बिकास सिंह पिकु शैलेन्द्र सिंह प्रकाश सिंह पून्नु सुदामा तिवारी मेराज हुसैन उपेन्द्र सिंह रबि कुँअर समेत कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।