बाड़मेर के तामलियार निवासी सफी को पकड़ा सुरक्षा एजेंसियों ने
दोरीमाना शर्मा 
बाड़मेर 24 अप्रैल। जिले के तामलियार गांव के युवक को बीकानेर के खाजूवाला में सुरक्षा एजेंसियों ने संदिग्ध अवस्था में पकड़ा है। पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त कार्रवाई में पकड़े गए संदिग्ध से सुरक्षा एजेंसियां पूछताछ कर रही है। युवक ने बताया कि वो मस्जिद बनाने के लिए चंदा इकट्ठा करने के लिए बीकानेर गया था, वहां प्रतिबंधित भारत-पाक बॉर्डर इलाके में पहुंच गया। 
तामलियार निवासी सफी मोहम्मद को बॉर्डर पर संदिग्ध रूप से घूमते हुए गिरफ्तार किया गया है। सफी मोहम्मद 20 अप्रैल से खाजूवाला को गया था। पूछताछ से पता चला है कि चक 12केवाईडी, 32केवाईडी, 18केजेडी, 21केजेडी, अलदीन, भागू आदि चकों से उसने मस्जिद निर्माण के लिए चंदा एकत्रित किया था। रविवार को वह चक 18केजेडी में चंदा एकत्रित करते हुए पकड़ा गया। संदिग्ध व्यक्ति के संबंध में सूचना ग्रामीणों से मिली। उसके बाद बीएसएफ के अधिकारी भी उसकी तलाश में पुलिस के साथ जुटे रहे। बीकानेर पुलिस ने बाड़मेर पुलिस संपर्क साधकर गिरफ्तार संदिग्ध का वेरीफिकेशन किया, जिस पर वह रामसर के तामलियार निवासी होना सामने आया। पूछताछ में बताया जा रहा है कि वह मस्जिद का चंदा इकट्ठा कर रहा था। 
सोशल मीडिया के आधार पर पकड़ा गया सफी
खाजूवाला में बॉर्डर क्रासिंग की घटना के बाद अत्यधिक सतर्कता बरती जा रही है। इसी को लेकर संदिग्ध व्यक्ति के दिखाई देने की सूचना किसी नागरिक ने वाट्स अप पर डाली। उसके बाद कई ग्रुपों में शेयर की गई। पुलिस और बीएसएफ के जी ब्रांच को भी पता चला तो उन्होंने खोजबीन शुरू की। सूचना मिली कि संदिग्ध व्यक्ति आनंदगढ़ से श्रीगंगानगर जाने वाली बस में सवार हुआ और चक 15 की पुली पर उतर गया। उसके बाद उसे गुल्लूवाली में देखा गया।