जनता की मांग के अनुरूप शराब की दुकान बंद करने का निर्णय लिया जाता है -गृह मंत्री

 
आजाद नेब ब्यूरो प्रमूख दैनिक खोज खबर राजस्थान
जयपुर 24 मार्च। गृह मंत्री श्री गुलाबचंद कटारिया ने गुरुवार को विधानसभा में बताया कि देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था है। यदि किसी स्थान की 20 प्रतिशत जनता चाहती है कि शराब की दुकान न खोली जाए तो सरकार वहां से शराब की दुकान बंद करने का निर्णय लेती है। 
श्री कटारिया गुरुवार को शून्यकाल के दौरान इस सम्बन्ध में उठाए गए मुद्दे पर हस्तक्षेप करते हुए जवाब दे रहे थे। उन्होंने सरकार की मंशा को समझाते हुए कहा कि सरकार जनता की मांग के अनुरूप ही निर्णय लेकर जनहित में कार्य करती है। उन्होंने वर्ष 2013 में गुरुशरण छाबड़ा के अनशन का हवाला देते हुए बताया कि सरकार ने सीएस राजन की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया तथा छाबड़ा की सहमति से समिति के 15 सुझावों का सरकार ने अक्षरशः पालन किया। गृह मंत्री ने बताया कि एक जुलाई 2014 को फिर एक समिति का गठन कर उसके संशोधनों को लोकतांत्रिक तरीके से लागू किया है। 
उन्होंने बताया कि राजसमंद के काछोली तथा जयपुर जिले के रोजदा के 51 प्रतिशत लोगों ने वोटिंग करके शराब की बिक्री बंद करने में विश्वास व्यक्त किया।