आनंदपाल एनकाउंटर मामला: धरना दे रहे राजपूत समाज के 50 लोगों को पुलिस ने लिया हिरासत में
आज़ाद नेब
जयपुर 2 जुलाई। राजस्थान की राजधानी जयपुर में रविवार को गैंगस्टर आनंदपाल सिंह एनकाउंडर मामले में सीबीआई से जांच कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे राजपूत समाज के 50 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार गैंगस्टर आनंदपाल सिंह एनकाउंटर मामले को लेकर राजपूत समाज के लोगों में आक्रोश है। वहीं आनंदपाल सिंह के परिजनों ने भी अभी तक उसके शव का अंतिम संस्कार तक नहीं किया है। आनंदपाल सिंह के परिजन लगातार मामले को लेकर सीबीआई से जांच कराने की मांग कर रहे है। वहीं मामले को लेकर राजस्थान के कई जिलों में राजपूत समाज के लोग उग्र प्रदर्शन कर रहे है।
इसी के दौरान राजधानी जयपुर में मामले की जांच केन्द्रीय जांच ब्यूरो से कराने की मांग को लेकर धरना देने पर उतारू राजपूत समाज के करीब पचास लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। सूत्रों ने बताया कि राजपूत सभा भवन में बैठक के बाद जब ये लोग बाहर निकले तभी पुलिसकर्मियों ने उन्हें बस में बिठा लिया और दूर ले गए। उन्होंने बताया कि राजपूत समाज के लोग सभा भवन से रैली निकालकर शहीद स्मारक पर धरना देना चाहते थे लेकिन पुलिस ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। दोनों स्थानों पर काफी संख्या में पुलिस बल तैनात था। पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए लोगों को बाद में अजमेर रोड दो सौ बाईपास पर छोड़ दिया।