रोते बिलखते परिजन

Saran News, मढ़ौरा। रेलवे स्टेशन ढाला के पास बुधवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। ताप्ती गंगा एक्सप्रेस की चपेट में आने से दसवीं कक्षा के 15 वर्षीय छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम पसर गया है।मृतक की पहचान पकहां गांव निवासी भीष्म महतो के पुत्र धीरज कुमार के रूप में हुई है।

मृतक का फाइल फोटो

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, धीरज बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे घर के सामने थावे-छपरा रेल खंड ट्रैक के पास शौच के लिए गया था। वह कान में ब्लूटूथ ईयरफोन लगाकर मोबाइल पर कुछ सुनने में व्यस्त था। इसी दौरान छपरा की ओर जा रही ताप्ती गंगा एक्सप्रेस वहां से गुजरी। ट्रेन के झटके और तेज रफ्तार के कारण किशोर ट्रैक के पास असंतुलित होकर गिर पड़ा, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। वहीं, मढ़ौरा आरपीएफ के पुलिस पदाधिकारी भी तुरंत मौके पर पहुंचे और घटना की पूरी जानकारी ली। परिजनों द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार करने के बाद पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक किशोर तीन भाइयों में मंझला था, जबकि उसके पिता राजमिस्त्री का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। होनहार छात्र की अचानक हुई इस मौत से मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हादसे ने एक बार फिर रेल पटरियों पर मोबाइल और ईयरफोन का उपयोग करने से होने वाले जानलेवा खतरों को उजागर कर दिया है।