
Saran News संजीत कुमार।सोनपुर प्रखंड क्षेत्र में गंगा और गंडक नदियों का उफान भले ही धीरे-धीरे उतर रहा है, लेकिन बाढ़ की मुसीबतें अभी भी कम नहीं हुई हैं। दोनों नदियां अब भी खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं। प्रखंड की 18 पंचायतों में बाढ़ का पानी भरा है, जबकि 12 पंचायतों के निचले दियारा इलाकों में बिजली की समस्या से लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। प्रशासन द्वारा राहत सामग्री जैसे निःशुल्क भोजन, तिरपाल और चूड़ा-मुरमुरा के साथ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
विगत 5 दिनों से जैतिया फीडर से बिजली आपूर्ति बंद होने के कारण लोगों को मोबाइल चार्जिंग और पीने के पानी जैसी बुनियादी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या के समाधान के लिए कनीय विद्युत अभियंता शंभू कुमार ने जरूरी निर्देश जारी किए हैं।
बिजली और सुरक्षा से जुड़े मुख्य निर्देश
- बिजली आपूर्ति का समय: आम जनता की सुविधा के लिए अब प्रतिदिन रात्रि 9:00 बजे से सुबह 5:00 बजे तक जैतिया फीडर से विद्युत आपूर्ति की जाएगी।
- नाव परिचालन पर प्रतिबंध: निचले इलाकों में पानी अधिक होने और बिजली के तार पानी के काफी करीब होने के खतरे को देखते हुए, प्रतिदिन रात्रि 8:00 बजे से सुबह 5:00 बजे तक पानी में नाव चलाने या आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
- आपातकालीन संपर्क: किसी भी इमरजेंसी की स्थिति में, संबंधित नंबरों पर संपर्क कर कुछ मिनट के लिए बिजली आपूर्ति बंद कराई जा सकती है:
- जैतिया फीटर कंट्रोल रूम: 9264440854
- सबलपुर: 7763815489
- या विद्युत विभाग के स्थानीय कर्मियों से संपर्क करें।
- सख्त चेतावनी: यदि कोई व्यक्ति रात्रि में आदेश की अवहेलना कर पानी में आवागमन करता है और कोई दुर्घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदारी स्वयं उस व्यक्ति की होगी।
प्रभावित क्षेत्र
हरिहरनाथ से जेपी सेतु के बजरंग चौक की निचली सड़क, सबलपुर की चारों पंचायतें, नजरमीरा, पहलेजा शाहपुर दियारा, भरपुरा, गंगाजल, दूधैला, जहांगीरपुर और खरिका तक कई सड़कें पानी में डूबी हुई हैं। घरों और खेतों में पानी घुस जाने के कारण सैकड़ों परिवार अपने मवेशियों के साथ ऊंचे स्थानों, बांधों, स्कूलों और टेंटों में शरण लेने को मजबूर हैं।




Recent Comments