मढ़ौरा(सारण)। स्थानीय थाना परिसर के पीछे चीनी मिल मैदान में आयोजित भारतीय उद्योग प्रदर्शनी सह बिहार विकास मेला इन दिनों लोगों के बीच मुख्य आकर्षण का केंद्र बना हुआ है.

अनुमंडल प्रशासन की अनुमति से लगे इस मेले में विभिन्न राज्यों से आए कारोबारियों ने अपनी दुकानें सजाई हैं, जहां खरीदारी के लिए रोजाना भारी भीड़ उमड़ रही है.

मेले का सबसे बड़ा आकर्षण बच्चों और युवाओं के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया ‘रशियन जलपरी’ का शो और रोमांचक ‘भूत बंगला’ है. इन्हें देखने के लिए दर्शकों में उत्साह दिख रहा है. इसके साथ ही सहारनपुर से आए हैंडीक्राफ्ट के उत्कृष्ट सामान भी लोगों को अपनी ओर खींच रहे हैं.बच्चों के मनोरंजन के लिए मिक्की माउस, टॉय ट्रेन और कई प्रकार के झूले लगाए गए हैं. महिलाओं के लिए सजे मीना बाजार में घरेलू उपयोग की वस्तुएं और सजावटी सामान उपलब्ध हैं.

विज्ञापन

इसके अलावा, खान-पान के शौकीनों के लिए विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल भी मेले की रौनक बढ़ा रहे हैं.आयोजकों के मुताबिक, यह प्रदर्शनी सह विकास मेला 28 सितंबर तक चलेगा। शाम ढलते ही मेले में रोशनी और चहल-पहल बढ़ जाती है, जहां शहरवासी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोग अपने परिवार के साथ पहुंचकर इसका भरपूर आनंद ले रहे हैं.