परवेज अख़्तर/हुसैनगंज (सिवान) : प्रखंड के सिंगारपट्टी मठ (नाथ धाम) परिसर 13 फरवरी से चलने वाले नौ दिवसीय विश्व शांति महायज्ञ की पूर्णाहुति शुक्रवार को हवन पूजा के साथ हो गई। यज्ञायध्क्ष अभयानंद महाराज एवं यजमान संतोष प्रसाद सपत्नी की उपस्थिति में यज्ञाचार्य पंडित मनीष तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चारण, हवन, पूजन के साथ संपन्न कराया। यूपी के वृंदावन से पधारे रासलीला, रामलीला का आयोजन किया गया था, जिसे देखने के लिए क्षेत्र के लोग प्रतिदिन उमड़ते थे। महायज्ञ में श्रद्धालुओं के लिए रोजाना भंडारे की भी व्यवस्था की गई थी। मठाधीश अभ्यानंद ने कहा कि महायज्ञ का उद्देश्य है कि पूरे विश्व में अमन चैन बरकरार रहे और लोगों के अंदर शांति व समृद्धि हो। महायज्ञ को सफल बनाने में जितेंद्र यादव, कलक्टर साह, मंटू साह, हरेराम यादव, सिंटू सिंह, ब्रह्मा साह, पप्पू सिंह, सुधाकर सिंह की सराहनीय भूमिका रही है।

महाशिवरात्रि पर शिष्यों के बीच वस्त्र व स्टेशनरी का वितरण


आंदर( सिवान) : महाशिवरात्रि के अवसर पर शुक्रवार को प्रखंड के फाजिलपुर गांव के शिव मंदिर प्रांगण में असांव थानाध्यक्ष खुर्शीद आलम व सुभाष प्रसाद चौहान ने बरवां स्थित श्रीजानकी संस्कृत प्राथमिक, मध्य एवं उच्च सह महाविद्यालय गुरुकुल बरवा में पढ़ने वाले दो सौ शिष्यों के बीच अंग वस्त्र व कलम-कॉपी का वितरण किया गया। मौके पर गुरुकुल के शिष्यों ने राम-लक्ष्मण की झांकी निकाली एवं शिव तांडव, मंत्रोच्चारण व पूजा-पाठ भी कराया। शिष्यों का शिव तांडव, पूजा पाठ व मंत्रोच्चारण सुनने व देखने के लिए आए हुए दर्जनों गांव की महिलाएं व पुरुषों ने शिष्यों की सराहना व प्रशंसा की। इस दौरान असांव थाना एएसआइ सुधीर प्राचार्य विजय प्रकाश पाठक उर्फ ददन पाठक, अक्षयबर पांडेय, राजेश तिवारी,नथुनी भगत, मनन सिंह, सतीश पाठक, भिखारी साह सहित काफी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

किसान आंदोलन के जनक थे सहजानंद

जीरादेई (सिवान) : प्रखंड के तितिरा गांव में शुक्रवार को राष्ट्रसृजन अभियान के तत्वावधान में स्वामी सहजानंद की जयंती मनाई गई। अभियान के राष्ट्रीय सचिव ललितेश्वर राय ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए कहा कि स्वामी सहजानंद किसान आंदोलन के जनक व भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के अग्रणी नेता तथा महान समाज सुधारक थे। उन्होंने कहा कि इनके पदचिह्नों पर चलकर ही सामाजिक परिवर्तन का सपना साकार हो सकती है। इस मौके पर अभियान के बिहार मीडिया प्रभारी आशीष चंद मिश्रा, जिलाध्यक्ष अशोक राय, चितरंजन राय, प्रमोद राय आदि उपस्थित थे।

आंदोलित शिक्षकों से वार्ता के लिए मुख्यमंत्री को लिखा पत्र


मैरवा (सिवान) : जयप्रकाश विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर शिक्षक संघ के सचिव प्रो. रणजीत कुमार ने समान कार्य समान वेतन की मांग का
समर्थन करते हुए मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर टकराव और दमन का रास्ता छोड़ने तथा आंदोलित नियोजित शिक्षकों की वाजिब मांग को स्वीकार करने का अनुरोध किया है। उन्होंने पत्र में कहा है कि तीन लाख से अधिक प्राथमिक शिक्षक अपनी वाजिब मांगों को लेकर 17 फरवरी से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। 72 हजार विद्यालयों में तालाबंदी की स्थिति है। बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के आह्वान पर माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक भी 25 फरवरी से अपनी मांगों के समर्थन में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जा रहे हैं।

अलग-अलग सड़क दुर्घटना में दो की मौत


सिवान : जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में गुरुवार की शाम हुई सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई जबकि दो घायल हो गए। मृतक भटवलिया निवासी किशोर यादव तथा दूसरा मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के नुरुद्दीनपुर निवासी राजकिशोर यादव तथा हुसैनगंज थाना क्षेत्र के रसूलपुर निवासी मुन्ना यादव बताया जाता है। दोनों घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। बताया जाता है कि गुरुवार की देर शाम नुरुद्दीनपुर निवासी राजकिशोर यादव अपनी मौसेरी बहन को परीक्षा दिलाकर घर लौट रहे थे तभी छपरा-सिवान मुख्य पथ पर भटवलिया गांव के पास एक अज्ञात वाहन के धक्का से राजकिशोर यादव की मौत हो गई, जबकि पानमती देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं दूसरी घटना गोपालपुर की है। बताया जाता है कि हुसैनगंज के रसूलपुर निवासी मुन्ना यादव तथा ओमप्रकाश यादव एक साथ साइकिल से घर लौट रहे थे तभी अज्ञात वाहन ने धक्का मार दिया, जिससे मुन्ना यादव की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि ओमप्रकाश यादव गंभीर रूप से घायल हो गया।